भोपाल में 1 हजार डंपरों के पहिए थमे, ई-गेट चालान की गड़बड़ी पर डंपर मालिकों की हड़ताल
एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक शिवहरे के अनुसार, नौ साल से कबाड़खाने में खड़े उनके डंपर पर भी अवैध खनिज परिवहन के दो चालान काटकर 4.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 09:58:12 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 09:58:12 AM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- ई-गेट फुटेज के आधार पर चालान दिए जाने का विरोध
- भोपाल और रायसेन के डंपर मालिकों ने हड़ताल शुरू की
- करीब दो हजार डंपर मालिकों को जुर्माने के नोटिस भेजे गए
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । ई-गेट से मिली फोटो फुटेज के आधार पर छह महीने बाद चार-चार लाख रुपये के चालान थमाए जाने से खफा भोपाल और रायसेन के डंपर मालिकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। करीब एक हजार डंपरों के पहिए थमने से राजधानी और आसपास के सरकारी व निजी निर्माण कार्यों पर संकट गहरा गया है।
स्टोन क्रेशर ऑनर्स एसोसिएशन का आरोप है कि खनिज विभाग ने बिना जांच किए करीब दो हजार डंपर मालिकों को भारी-भरकम जुर्माने के नोटिस भेज दिए हैं।
4 लाख 42 हजार रुपये के दो चालान काटे
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शिवहरे ने सिस्टम की खामी उजागर करते हुए बताया कि उनका खुद का डंपर एमपी 04 एचई 3804 पिछले नौ साल से कबाड़खाने में खड़ा है, फिर भी विभाग ने 28 अप्रैल को इससे अवैध खनिज परिवहन दर्शाते हुए 4 लाख 42 हजार रुपये के दो चालान काट दिए।
संचालन किया बंद
डंपर मालिकों का कहना है कि माफिया फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध परिवहन कर रहे हैं, जिसका खामियाजा असली वाहन मालिकों को भुगतना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने दो-टूक चेतावनी दी है कि जब तक खनिज विभाग इन त्रुटिपूर्ण चालानों को वापस लेकर व्यवस्था नहीं सुधारता, तब तक डंपरों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।