भोपाल: ई-चालान की गड़बड़ी पर 10 दिन से डंपरों के पहिए थमे, गिट्टी-रेत की सप्लाई ठप
क्रेशर ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शिवहरे के अनुसार, गलत ई-चालान वापस लेने की मांग पर विभागीय अधिकारी सहमत नहीं।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 03:25:22 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 03:25:22 PM (IST)
फाइल फोटोHighLights
- अप्रैल में बने करीब दो हजार ई-चालान नवंबर में जारी हुए
- गड़बड़ियों से नाराज क्रेशर व रेत कारोबारी हड़ताल पर
- राजधानी में गिट्टी, रेत, मुरम और कोपरा की सप्लाई प्रभावित
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। खनिज विभाग के कथित तौर पर गलत ई-चालान अब राजधानी के निर्माण कारोबार पर भारी पड़ने लगे हैं। अप्रैल में बनाए गए करीब दो हजार ई-चालान नवंबर में जारी होने और उनमें गड़बड़ियां होने से नाराज क्रेशर व रेत कारोबारियों ने पिछले दस दिनों से हड़ताल कर रखी है। डंपर बंद होने से गिट्टी, रेत, मुरम और कोपरा की सप्लाई ठप हो गई है।
जुर्माना लगने की आशंका
कारोबारियों का आरोप है कि गलत चालानों के कारण डंपर मालिकों पर भारी जुर्माना लगने की आशंका है। क्रेशर आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शिवहरे ने बताया कि पहले दिन से ही चालान वापस लेने की मांग की जा रही है, लेकिन विभागीय अधिकारी सहमत नहीं हो रहे।
लिखित सहमति की मांग
मंगलवार को मौखिक आश्वासन मिलने के बावजूद संगठन ने लिखित सहमति की मांग की है। लांबाखेड़ा में हुई बैठक में कारोबारियों ने फैसला किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, डंपर नहीं चलाए जाएंगे।