
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को लेकर दो अहम निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ा दिए गए। इसके साथ ही प्रदेश के नौ जिला सहकारी बैंकों को करोड़ों रुपये की अंश पूंजी देने की मंजूरी भी दी गई।
सरकार के अनुसार पैक्स की नई समितियां बनाने और उनके परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। इसी वजह से चुनाव फिलहाल नहीं कराए जाएंगे। चुनाव के क्रम की भी इसमें भूमिका है, क्योंकि जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता पैक्स समितियों के प्रतिनिधि होते हैं। इसलिए पहले पैक्स के चुनाव होंगे और उसके बाद बैंकों की चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसी को देखते हुए दोनों चुनाव एक साल के लिए टाले गए हैं।
बैठक में जिला सहकारी बैंकों को वित्तीय मजबूती देने का निर्णय भी हुआ। पिछले साल 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी पाने वाले छह बैंकों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को अब 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंक शामिल हैं। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान-2047 की सुनवाई में बिगड़ी रिटायर्ड IAS की तबीयत, SDM ने पहुंचाया अस्पताल
इस तरह सरकार ने एक ओर सहकारी संस्थाओं के चुनाव आगे खिसकाए हैं, तो दूसरी ओर नौ बैंकों को आर्थिक सहारा दिया है। अब देखना होगा कि ये फैसले प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था को कितनी मजबूती देते हैं।