
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : भोपाल विकास योजना-2047 मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर चल रही सुनवाई के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे रिटायर्ड आइएएस जीपी श्रीवास्तव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर एंबुलेंस न होने से स्थिति गंभीर होती देख हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने अपनी सरकारी गाड़ी से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दूसरी ओर ड्राफ्ट में भूमि उपयोग परिवर्तन और प्रस्तावित ईस्टर्न बायपास को लेकर सोमवार को 162 आपत्तिकर्ताओं ने अपना पक्ष रखा।
आपत्तिकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कृषि भूमि का लैंडयूज बदलने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, रहवासियों ने शहर से सटे दौलतपुर को आमोद-प्रमोद नगर उद्यान और सतगढ़ी की निजी जमीनों को आवासीय घोषित करने के असमान वर्गीकरण पर सवाल उठाते हुए सुधार की मांग की।
उधर, अनुभव ला चैंबर के अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर सुरखेड़ी से कोलुआ खुर्द-बगरोदा होते हुए गुजरने वाले ईस्टर्न बायपास का अलाइनमेंट बदलने की मांग की है। अधिवक्ताओं का तर्क है कि अजनाल नदी, साकल डैम के बैकवाटर और 300 मीटर के घने जंगल क्षेत्र से सड़क निकलने पर पारिस्थितिक संतुलन बिगड़ जाएगा। बिना पीडब्ल्यूडी और आरडीसी के तकनीकी परामर्श के तय इस मार्ग को गांवों के बजाय शहर की बाहरी सीमा से निकालने की मांग की गई है।
खानू गांव में तालाबों पर कथित अतिक्रमण, शत्रु संपत्ति और मास्टर प्लान-2047 को लेकर रहवासियों का विरोध तेज हो गया है। इस मुद्दे पर तहसील हुजूर में हुई बैठक में भाजपा नेता सगीर सलाम ने अधिकारियों के समक्ष रहवासियों का पक्ष रखा। बैठक में अधिवक्ता जेडयू अल्वी, फैजान और सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी नईमुद्दीन ने ऐतिहासिक राजस्व अभिलेख पेश किए। उन्होंने तथ्य रखा कि क्षेत्र का मूल नाम खानों का गांव ग्राम कोहेफिजा रहा है और संपूर्ण खसरों में पूर्व में हर हाइनेस साजिदा सुल्तान का नाम दर्ज था। वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक ऐतिहासिक पत्र भी सौंपा गया।
यह भी पढ़ें- कोविड काल में सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सरकारी सेवा में बहाली की मांग
एंबुलेंस के आने में देरी की वजह से एडसीएम की गाड़ी में आपत्तिकर्ताओं को तुरंत अस्पताल भेजा गया। सोमवार को 396 आपत्तिकर्ताओं को बुलाया गया था। मंगलवार को अवकाश के चलते सुनवाई नहीं होगी। नीरज आनंद लिखार, संयुक्त संचालक, टीएंडसीपी