
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। इलेक्ट्रिक कार या स्कूटर की बैटरी बार-बार चार्ज करने के बाद भी उसकी क्षमता कम होने की समस्या दूर हो सकती है। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइसर) भोपाल के विज्ञानियों ने इस दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
उन्होंने सोडियम-आयन बैटरी के लिए नया पदार्थ विकसित किया है। इससे बनी बैटरी 24 हजार बार चार्ज और डिस्चार्ज करने के बाद भी अपनी 70 प्रतिशत क्षमता बनाए रखने में सफल रही। खास बात यह है कि इसे छह मिनट में पूरी तरह चार्ज किया जा सकता है।
आइसर के रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. रोहित रंगनाथन गड्डम और शोधार्थी शुभजीत सिंघा ने आइआइटी गांधीनगर तथा आस्ट्रेलिया की दो विश्वविद्यालयों के विज्ञानियों के साथ मिलकर यह शोध किया है। इसके उपयोग से इलेक्ट्रिक वाहनों और सौर ऊर्जा से बनने वाली बिजली को संग्रहित किया जा सकता है।
भविष्य में यह लिथियम बैटरी का सस्ता विकल्प बन सकती है। यह शोध प्रतिष्ठित शोध पत्रिका ''एडवांस्ड मैटेरियल्स'' में प्रकाशित हुआ है। इससे बड़े पैमाने पर बिजली भंडारण के लिए सोडियम-आयन बैटरी की उपयोगिता बढ़ सकती है।
प्रो. रंगनाथन ने बताया कि शोध में बैटरी के पाजिटिव इलेक्ट्रोड यानी कैथोड पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके लिए लोहे पर आधारित पदार्थ में थोड़ी मात्रा में मैंगनीज और फ्लोरीन मिलाया गया। इससे चार्ज और डिस्चार्ज के दौरान पदार्थ के बार-बार फैलने और सिकुड़ने की प्रक्रिया को सहने की क्षमता बढ़ती है।
यही प्रक्रिया लंबे समय में बैटरी की क्षमता कम होने का प्रमुख कारण बनती है। नए डिजाइन से बैटरी के अंदर होने वाला घिसाव अधिक समान रूप से फैलता है। इससे किसी एक हिस्से पर लगातार नुकसान जमा नहीं होता और बैटरी की क्षमता लंबे समय तक बनी रहती है।
प्रो. रंगनाथन ने बताया कि एक साल के शोध के बाद यह सफलता मिली है। प्रयोगशाला परीक्षण में नए पदार्थ ने 24 हजार बार चार्ज और डिस्चार्ज होने के बाद करीब 70 प्रतिशत क्षमता बरकरार रखी। तेज चार्जिंग के परीक्षण में करीब तीन मिनट में चार्ज करने पर भी इसने 10 हजार चक्रों के बाद लगभग 81 प्रतिशत क्षमता बनाए रखी।
नए पदार्थ की ऊर्जा भंडारण क्षमता करीब 336 वाट-घंटा प्रति किलोग्राम है। विज्ञानियों ने हार्ड-कार्बन आधारित निगेटिव इलेक्ट्रोड के साथ पूरी बैटरी भी तैयार की, जिसने परीक्षणों में स्थिर प्रदर्शन किया।
विज्ञानियों का कहना है कि सोडियम-आयन बैटरी को लिथियम-आयन बैटरी के संभावित सस्ते विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। लिथियम की आपूर्ति कुछ देशों में केंद्रित है, जबकि सोडियम सामान्य नमक और समुद्री जल में व्यापक रूप से उपलब्ध है। इसलिए बड़े पैमाने पर बिजली भंडारण जैसी जरूरतों के लिए सोडियम-आयन तकनीक लागत कम करने में मदद कर सकती है।
यह भी पढ़ें- स्वामित्व योजना में पिछड़ा भोपाल, प्रदेश में 35वें स्थान पर खिसकी राजधानी, छोटे जिलों ने भी छोड़ा पीछे
विज्ञानियों के अनुसार, लंबे समय तक चलने वाली ऐसी बैटरियां रूफटाप सोलर सिस्टम, बड़े नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों और बिजली ग्रिड में उपयोगी हो सकती हैं। इससे बार-बार बैटरी बदलने की जरूरत कम होगी और ऊर्जा भंडारण की लागत घट सकती है।
हालांकि, यह तकनीक अभी व्यावसायिक बैटरियों या इलेक्ट्रिक वाहनों में व्यापक इस्तेमाल के स्तर पर नहीं पहुंची है। बड़े पैमाने पर उत्पादन, सुरक्षा परीक्षण और अन्य घटकों के साथ लंबे परीक्षण अभी आवश्यक हैं। सफल व्यावसायीकरण होने पर यह तकनीक सौर और पवन ऊर्जा के बेहतर उपयोग के साथ आयातित बैटरी सामग्री पर निर्भरता कम करने में मदद कर सकती है।