MP में कर्मचारियों को दीपावली पर नहीं मिलेगा एरियर, पोर्टल बंद होने से अटके बिल
प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के डीए में दो प्रतिशत की वृद्धि की है, लेकिन वेतन बिल पहले जमा होने के कारण नवंबर के वेतन में बढ़े हुए भत्ते का भुगतान नहीं हो पाया।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 01:16:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 01:42:52 PM (IST)
कोषालय में भुगतान की विंडो बंद है। इस कारण आदेश के बावजूद कर्मचारियों को दीपावली से पहले एरियर की पहली किस्त मिलने की संभावना नहीं है। फाइल फोटो।HighLights
- दो प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ा, भुगतान अटका
- तीन किस्तों में मिलेगा जनवरी से सितंबर तक का एरियर
- पोर्टल की विंडो बंद, दीपावली से पहले भुगतान की उम्मीद कम
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता दो प्रतिशत बढ़ाया है, लेकिन वेतन बिल पहले जमा हो जाने के कारण बढ़े हुए भत्ते का भुगतान नहीं हो पाया। नवंबर में एरियर की पहली किस्त दिए जाने का निर्देश है, किंतु एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली की विंडो बंद होने से बिल जमा नहीं हो रहे हैं।
पहली किस्त पर संशय
कर्मचारी संगठनों ने दीपावली से पहले विंडो खोलने की मांग की है। वित्त विभाग ने एक जनवरी से 30 सितंबर तक के दो प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर नवंबर, दिसंबर और जनवरी 2027 में तीन किस्तों में देने का निर्णय लिया है। पहली किस्त नवंबर में दी जानी है।
पोर्टल खोलने की मांग
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने बताया कि कोषालय में भुगतान की विंडो बंद है। इस कारण आदेश के बावजूद कर्मचारियों को दीपावली से पहले एरियर की पहली किस्त मिलने की संभावना नहीं है। उन्होंने भुगतान के लिए दीपावली से पहले विंडो खोलने की मांग की है।