
पंकज श्रीवास्तव, भोपाल। राजधानी के अचारपुरा क्षेत्र में अपना उद्योग लगाने का सपना देख रहे उद्यमियों के लिए नए साल की शुरुआत बड़ी सौगात लेकर आ रही है। मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा करीब 12 एकड़ जमीन पर 7.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्र की तस्वीर अब जमीन पर साफ नजर आने लगी है। मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। उद्यमियों को पानी की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए विशाल ओवरहेड वाटर टैंक और पंप हाउस बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है।
पूरे परिसर में निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए हाईटेंशन पोल और स्ट्रीट लाइट के खंभे भी खड़े कर दिए गए हैं। वहीं, वाहनों की आसान आवाजाही के लिए चौड़ी सीसी रोड की ढलाई और तराई का काम अंतिम चरण में है, जबकि मुख्य सड़कों पर डामर बिछाया जा रहा है। इसके अलावा सीवेज और पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम भी तेजी से चल रहा है। बुनियादी सुविधाएं तैयार होने के साथ ही अब जनवरी से यहां भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इस नए औद्योगिक क्षेत्र में 5500 से लेकर 9000 वर्गफीट आकार के कुल 37 भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। आचारपुरा में एमपीआरडीसी का एक औद्योगिक क्षेत्र पहले से संचालित है, जहां कई बड़ी इंडस्ट्रीज मौजूद हैं। राजा भोज एयरपोर्ट और नेशनल हाईवे-12 के बेहद करीब होने के कारण उद्यमी इस नए क्लस्टर को लेकर खासे उत्साहित हैं।
अधिकारियों का अनुमान है कि इन 37 भूखंडों पर उद्योग लगने से क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपये का नया पूंजी निवेश होगा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 500 से अधिक लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। निर्माण कार्य पूरा होते ही लघु उद्योग निगम इस पूरे परिसर को जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को हैंडओवर कर देगा, जिसके बाद उद्यमी अपनी यूनिट लगाने के लिए प्लाट ले सकेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म की राशि अटकी, भोपाल समेत 13 जिलों में काम शून्य, वजह आई सामने
इस प्रोजेक्ट को लेकर उद्यमी काफी उत्साहित हैं और हम लगातार इसके निर्माण कार्यों का अपडेट ले रहे हैं। परिसर विकसित होने के बाद लघु उद्योग निगम जैसे ही जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को साइट हैंडओवर करेगा, उसके तुरंत बाद यहां प्लाट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।- सिद्धार्थ खरे, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र भोपाल