
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने सामान्य थर्ड एसी कोच की जगह थर्ड एसी इकोनामी (3ई) कोच लगाने शुरू किए थे। इन कोच में सामान्य थर्ड एसी की तुलना में 11 अतिरिक्त बर्थ रहती हैं। यानी एक कोच में 72 की जगह 83 यात्री सफर कर सकते हैं। इसके बावजूद यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रही हैं।
त्योहार और शादी के सीजन में भोपाल से गोरखपुर, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग मिल रही है। कई ट्रेनों में टिकट बुकिंग के दौरान रिग्रेट यानी सीट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति बन रही है। ऐसे में कोच की क्षमता बढ़ाने के रेलवे के प्रयास यात्रियों की बढ़ती मांग के सामने नाकाफी साबित हो रहे हैं।
सामान्य थर्ड एसी कोच में 72 बर्थ होती हैं, जबकि एसी-3 इकोनामी कोच में 83 बर्थ की व्यवस्था है। इस तरह एक कोच में करीब 15 प्रतिशत अधिक यात्रियों को जगह मिलती है। वहीं, इकोनामी कोच का किराया सामान्य थर्ड एसी की तुलना में करीब 8 प्रतिशत कम रखा गया है। रेलवे ने यह व्यवस्था कम किराये में अधिक यात्रियों को एसी सफर की सुविधा देने और ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की थी।
21 नवंबर के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की स्थिति यात्रियों की परेशानी बयां कर रही है। गोरखपुर रूट की एक स्पेशल ट्रेन में स्लीपर की वेटिंग 222 तक पहुंच गई, जबकि एसी-3 में वेटिंग 39 रही। पुणे हमसफर में एसी-3 की वेटिंग 163 और स्लीपर की 49 दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- खंडवा के पुनासा में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से विवाद, तीन BJP नेताओं पर केस दर्ज
बेंगलुरु रूट पर एसी-3 में 40 और स्लीपर में 46 वेटिंग रही। हैदराबाद रूट पर दोनों श्रेणियों में क्रमश 42 और 91 वेटिंग दर्ज की गई। वहीं, मुंबई रूट पर एसी-3 की वेटिंग 41 रही और स्लीपर में टिकट उपलब्ध नहीं होने के कारण रिग्रेट की स्थिति रही।
| अवधि | अतिरिक्त कोच |
| 2023-24 | 872 |
| 2024-25 (फरवरी 2025 तक) | 983 |
| कुल | 1,855 |
इकोनामी कोच से प्रति कोच बर्थ तो बढ़ी हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। त्योहार और शादी के सीजन में दबाव अधिक रहता है। ऐसे में रेलवे को अतिरिक्त कोच लगाने के साथ यात्री संख्या और रूट की मांग का आकलन कर नई और स्पेशल ट्रेनें भी चलानी चाहिए, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सके।- मुकेश अवस्थी, सदस्य जोनल रेल उपयोगकर्ता व सलाहकार समिति