
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा जिले के पुनासा नगर में मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण हटाओ मुहिम अब राजनीतिक विवाद का रूप लेती नजर आ रही है।
गुरुवार को बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम और भाजपा से जुड़े तीन नेताओं के बीच विवाद हो गया। मामले में नगर परिषद के सब इंजीनियर की शिकायत पर नर्मदानगर पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की छह धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए तीनों आरोपितों ने पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर अभद्र व्यवहार किया। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में नामजद आरोपितों में संजय अजमेरा (50), टीकम सिंह (40) और अशोक देवड़ा (61) शामिल हैं। संजय अजमेरा पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि टीकम सिंह पूर्व पार्षद और समिति अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं अशोक देवड़ा वर्तमान में पार्षद हैं। तीनों भाजपा से जुड़े रहे हैं।
गौरतलब है कि बसों के आवागमन से नगर के मुख्य मार्ग पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। इसके समाधान के लिए तीन दिन तक बस स्टैंड नगर से बाहर रखा गया था, लेकिन व्यापारियों की मांग पर बसों को फिर से नगर में प्रवेश दिया गया।
इसके बाद नगर परिषद ने गुरुवार को बस खड़े होने वाले स्थान के आसपास करीब 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के बाद मुख्य मार्ग करीब 40 साल पहले की तरह खुला नजर आने लगा और जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी।
यह भी पढ़ें- खंडवा में दिनभर विरोध के बाद रात में चला बुलडोजर, दरगाह हटाई, पुलिस छावनी में तब्दील रहा क्षेत्र
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद नगर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष शरण अजमेरा का एक कथित वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पार्षदों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। वहीं वर्तमान पार्षद अशोक देवड़ा द्वारा नगर परिषद के कार्यों को लेकर शिकायतें किए जाने से भी राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फूटी कोठी पर सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम, विरोध में उतरे लोग