
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शनिवार रात अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से एक महिला के घर दबिश देकर 25 पेटी अवैध देसी शराब जब्त की गई, वहीं बैरागढ़ क्षेत्र के कई ढाबों और रेस्टोरेंटों में अवैध शराबखोरी पर प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी हेमा सिंह (30) के मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से 25 पेटी कुल 225 बल्क लीटर देसी मदिरा प्लेन बरामद की गई, जिसकी सप्लाई का क्षेत्र राजगढ़ जिला दर्ज था।
जब्त शराब का अनुमानित मूल्य करीब 95 हजार रुपये आंका गया है। आरोपी महिला के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) व 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके के नेतृत्व में टीम ने देर रात बैरागढ़ क्षेत्र के कारवां, स्कायवा और कर्व सहित कई होटलों, रेस्टोरेंटों व ढाबों की जांच की।
यह भी पढ़ें- एमपी राज्यसभा उप चुनाव: हरदीप पुरी को चुनौती देंगे निर्दलीय राजकुमार लोहानी, कांग्रेस ने दिया समर्थन
यहां खुले में अवैध मदिरापान कराने और करने वालों के विरुद्ध केस दर्ज किए गए। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए यह सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।