गांधी जयंती पर 'ड्राई-डे' के आदेश हवा: भोपाल में पान दुकान और ढाबों में बिक रही थी शराब; आबकारी की ताबड़तोड़ दबिश
गांधी जयंती पर शुष्क दिवस घोषित होने के बावजूद भोपाल के कई इलाकों में अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सेवन के मामले सामने आए।
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 05:10:28 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 05:10:28 PM (IST)
आबकारी विभाग की टीम ने शुष्क दिवस पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। सौ- विभागHighLights
- गांधी जयंती पर शुष्क दिवस घोषित होने के बावजूद बिक रही थी शराब
- भोपाल के कई इलाकों में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई
- कई क्षेत्रों में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब और बीयर जब्त की
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। शहर में महात्मा गांधी जयंती दो अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित किया गया था।इस दौरान शराब की बिक्री और परिवहन रोकने के लिए आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाया। अलग-अलग टीमों ने कमला पार्क, ईदगाह हिल्स, शाहजहांनाबाद, गोविंदपुरा, अयोध्या बायपास, भौंरी रोड, बैरागढ़ और बावड़ियाकलां समेत कई इलाकों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दोपहिया वाहनों से अवैध शराब ले जाते लोगों को पकड़ा गया, जबकि पान दुकान और होटल-रेस्टोरेंट में भी शराब मिलने पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
देशी-विदेशी शराब जब्त
जानकारी के अनुसार कमला पार्क के पास एक दोपहिया वाहन से 40 पाव देशी शराब बरामद की गई। वहीं एक अन्य कार्रवाई में 10 पाव देशी, 10 पाव विदेशी शराब और छह बीयर जब्त की गईं।
ईदगाह हिल्स के बाजपेयी नगर मल्टी के पास से 20 पाव देशी शराब मिली। शाहजहांनाबाद गेट के पास डानी मकवाना की पान दुकान से 59 पाव देशी शराब जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसी तरह आबकारी टीम ने संतोष कुचबंदिया के पास से 40 पाव और विक्रम सिंह के पास से 15 पाव देशी शराब पकड़ी। वहीं महेश लालवानी को एक्टिवा से 89 पाव अवैध देशी शराब ले जाते पकड़ा गया। सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
होटल-ढाबा, रेस्टोरेंट पर दबिश
आबकारी टीमों ने गोविंदपुरा स्थित महाकाल ढाबा, अयोध्या बायपास रोड, भौंरी रोड, बैरागढ़ और बावड़ियाकलां क्षेत्र के होटल-रेस्टोरेंट में भी जांच की । यहां अवैध रूप से शराब पीने व पिलाने, रखने के मामलों में संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। वरांडा रेस्टोरेंट, रेवांता, शाहजहांनाबाद गेट और प्रेम नगर क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर गश्त, निगरानी और दबिश लगातार जारी रहेगी।- वीरेंद्र कुमार धाकड़, सहायक आबकारी आयुक्त