भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा के नाम से फर्जी Facebook ID; झांसा देकर मांग रहे रुपये
एक व्यक्ति ने ठगी के प्रयास को पहचानकर कॉल का वीडियो बनाया और संभागायुक्त को जानकारी दी। फर्जी प्रोफाइल ब्लॉक कराने और आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 09:34:52 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 09:34:52 AM (IST)
भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा के नाम से फर्जी Facebook ID बनाई गई है। नईदुनिया।HighLights
- भोपाल में संभागायुक्त के नाम पर ठगी की कोशिश
- फर्नीचर बेचने का झांसा देकर मांग रहे रुपये
- एक व्यक्ति ने मामला समझा, कॉल का वीडियो बनाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में अब जालसाज अधिकारियों की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को जोड़ा जा रहा है। इसके बाद ऑडियो काल कर फर्नीचर बेचने का झांसा देकर ऑनलाइन रुपये मांगे जा रहे हैं।
ऑडिओ कॉल से झांसा
जानकारी के अनुसार, एक फेसबुक उपयोगकर्ता को संभागायुक्त के नाम से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कर्मवीर शर्मा बताकर सीआरपीएफ के एक अधिकारी का फर्नीचर बिकवाने की बात कही और इसके बदले रुपये मांगे। हालांकि, संबंधित व्यक्ति ने सतर्कता दिखाते हुए ठग के झांसे में आने से इनकार कर दिया। उन्होंने काल का वीडियो भी बना लिया और इसकी जानकारी संभागायुक्त को दी।
एक्शन में आई पुलिस
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने फर्जी आईडी से ठगी की कोशिश की जानकारी पुलिस को दे दी है। अब फर्जी प्रोफाइल ब्लॉक कराने और उसके पीछे सक्रिय व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के नाम से आने वाली इंटरनेट मीडिया रिक्वेस्ट और पैसों की मांग को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।