चलती कार की छत पर चढ़कर स्टंट... छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजी ने भोपाल कमिश्नर को किया टैग, कहा- 'कुछ करिए'
छत्तीसगढ़ पूर्व डीजी आरके विज ने वीडियो साझा कर भोपाल पुलिस कमिश्नर को टैग किया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवक पर कार्रवाई की मांग की।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 09:16:04 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 09:16:04 AM (IST)
खाली चलती कार की छत पर चढ़कर स्टंट करता हुआ युवक। वीडियोग्रेब।HighLights
- भोपाल में चलती कार पर स्टंट का वीडियो वायरल
- छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजी ने की कार्रवाई की मांग
- भोपाल नंबर की कार, युवक का पता राजगढ़ में
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चलती कार की छत पर चढ़कर स्टंट करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला भोपाल पुलिस तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजी आरके विज ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर को टैग किया और कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने लिखा कि
'यातायात नियम ऐसी नौटंकी की इजाजत नहीं देते, भोपाल पुलिस कमिश्नर कुछ करिये।'
15 सेकंड का वीडियो
करीब 15 सेकंड का यह वीडियो एक पत्रकार ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था। इसमें एक युवक कार की ड्राइवर सीट छोड़कर चलती कार की छत पर खडा़ हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद पूर्व डीजी ने इसे साझा किया। भोपाल पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की तो कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भोपाल का निकला।
जांच में जुटी पुलिस
एडिशनल डीसीपी बसंत कुमार कौल ने बताया कि नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया गया है। युवक का पता राजगढ़ का मिला है। उससे फोन पर संपर्क किया गया तो उसने कार किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात कही।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया था। जांच के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।