
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पहले नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत, फिर उसी मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी पर ही रिश्वत मांगने का आरोप। बैतूल निवासी युवती ख्याति से फर्जी IAS तृप्ति सिंह के खिलाफ शिकायत की जांच के दौरान बागसेवनिया थाने के ASI मनोज शर्मा ने कथित तौर पर रुपए मांगे।
आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर उसे तृप्ति के मामले में आरोपित बनाने की धमकी दी गई। युवती ने इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की। शिकायत सामने आने के बाद DCP जोन-02 विकास शहवाल ने ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर को लाइन अटैच कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार MPT के होटल-रिसोर्ट की लीज और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप में गिरफ्तार फर्जी IAS तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया थाने में कई शिकायतें और केस दर्ज हैं। इन्हीं मामलों की जांच ASI मनोज शर्मा कर रहे थे। आरोप है कि जांच और कार्रवाई के नाम पर वह फरियादियों व आरोपितों से रुपए की मांग करते थे। हवलदार सुनील राठौर पर भी उनका साथ देने का आरोप है।
तृप्ति सिंह का दो युवतियों के साथ एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें तीनों खुद को IAS बता रही थीं। इन दोनों युवतियों पर भी तृप्ति द्वारा नौकरी के नाम पर ठगी किए जाने के आरोप हैं। इनमें बैतूल निवासी ख्याति ने शिकायत में बताया था कि नौकरी दिलाने के नाम पर उससे तीन लाख रुपए लिए गए थे। हालांकि तृप्ति के खाते से कुछ रकम ख्याति के खाते में भी आई थी। आरोप है कि इसी लेनदेन को आधार बनाकर ASI मनोज शर्मा ने ख्याति से रिश्वत मांगी।
उससे कहा गया कि यदि रुपए नहीं दिए तो तृप्ति के खाते से उसके खाते में रकम आने के आधार पर उसे भी मामले में आरोपित बनाया जा सकता है। कथित धमकी के बाद ख्याति ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद DCP ने दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया। वहीं ख्याति की शिकायत पर तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया थाने में तीसरा केस भी दर्ज किया गया है। मामले में अब पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगे रिश्वत मांगने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ : मैदान का किराया...आईडीए ने और मांगे चार लाख रुपये, कांग्रेस ने जमा भी करा दिए