
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : राहुल गांधी के 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के लिए आईडीए ने रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान का किराया बढ़ा दिया है। कांग्रेस पहले ही इस मैदान के लिए 10 लाख आठ हजार रुपये जमा करा चुकी है।
इसके बाद आईडीए ने कांग्रेस को नया नोटिस जारी करते हुए चार लाख तीन हजार 270 रुपये और जमा कराने के लिए कहा। कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि इंदौर विकास प्राधिकरण भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। प्राधिकरण ने पहले मनमाने तरीके से शुल्क लगाया। दो लाख रुपये किराया बताया और 10 लाख रुपये जमा कराए। जब हमने यह राशि भी जमा करा दी तो फिर नई वसूली निकाल दी। हालांकि हमने गुरुवार को यह राशि भी जमा करा दी है।
कांग्रेस को जारी लेटर में आईडीए ने कहा है कि 12 हजार वर्गमीटर जमीन 17 से 19 सितंबर तक अस्थायी लीज पर दी गई है, लेकिन निरीक्षण में पता चला कि आवंटित जमीन के करीब 4800 वर्गमीटर हिस्से का इस्तेमाल 14 सितंबर से ही शुरू हो गया है। इसलिए इसी अवधि के अतिरिक्त उपयोग के लिए चार लाख तीन हजार 270 रुपये अतिरिक्त जमा कराना होंगे। कांग्रेस द्वारा यह राशि जमा कराने के बाद अब तक जमा की गई कुल राशि 14 लाख 11 हजार से ज्यादा हो गई है।
19 सितंबर को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को इंदौर विकास प्राधिकरण ने 12 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित कर दी है। तीन दिन के लिए रीजनल पार्क के सामने मैदान दे तो दिया गया है लेकिन आईडीए ने पांच शर्तें भी लगा दी हैं।
इसमें अन्य विभागों से आयोजन की अनुमति लेना, जगह का अधिक समय उपयोग करने पर अतिरिक्त लीज रेंट चुकाना और ध्वनि विस्तार व पार्किंग से लेकर सुरक्षा के नियम व बंदोबस्त करना भी शामिल है। आईडीए के इस पत्र के बाद कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को आयोजन की अनुमति के लिए पत्र भी सौंप दिया।
यह भी पढ़ें- 5 शर्तों के साथ IDA ने कांग्रेस को दी जगह, इंदौर में आवंटित की 12 हजार वर्गमीटर जमीन, युवाओं को दिया जा रहा न्योता