AI से गढ़ दिए 3 नए जिले... MP के पिपरिया, बरेली और पिछोर के फर्जी सरकारी आदेश वायरल
एआई की मदद से सरकारी लेटरहेड, मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर तैयार किए गए फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें नर्मदापुरम से पिपरिया, रायसेन से बरेली और शिवपुरी से पिछोर को नया जिला बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी का दावा किया गया है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 12:01:04 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 12:01:04 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- नर्मदापुरम से पिपरिया, रायसेन से बरेली और शिवपुरी से पिछोर के आदेश वायरल
- आदेशों पर 16 नवंबर 2026 की तारीख, नया जिला बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी का दावा
- आदेश में राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के नाम से किए गए हस्ताक्षर
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर सोशल मीडिया और संबंधित क्षेत्रों में चल रही चर्चाओं के बीच एआई (AI) की मदद से तैयार किए गए तीन फर्जी सरकारी आदेश सामने आए हैं।
तीन जिलों के फर्जी आदेश
इन फर्जी आदेशों के जरिए नर्मदापुरम से पृथक कर पिपरिया, रायसेन से बरेली और शिवपुरी से पिछोर को नवीन जिला बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति का दावा किया गया है। तीनों आदेश 16 नवंबर 2026 की तारीख से तैयार किए गए हैं, जिनमें राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के फर्जी हस्ताक्षर और आधिकारिक मुहर लगाई गई है।
सामने आए आदेश (जैसे रायसेन जिले के बरेली अनुभाग को नवीन जिला 'बरेली' बनाने से जुड़ा पत्र) में 'मध्य प्रदेश शासन, राज्य परिसीमन आयोग, डी-विंग, विंध्याचल भवन, भोपाल' के लेटरहेड का उपयोग किया गया है। इसमें 15.11.2026 की बैठक और जन-सुझाव पत्र के संदर्भ में सैद्धांतिक स्वीकृति देने तथा शीघ्र गजट नोटिफिकेशन जारी करने जैसी औपचारिक भाषा गढ़ी गई है, ताकि यह असली सरकारी आदेश प्रतीत हो।
फर्जीवाड़े में तथ्यों की बड़ी चूक
इन आदेशों की पड़ताल में दो बड़ी तथ्यात्मक खामियां उभरकर सामने आई हैं। पहली यह कि मध्य प्रदेश में 'राज्य परिसीमन आयोग' नाम से कोई संस्था अस्तित्व में ही नहीं है, बल्कि प्रदेश में प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग कार्यरत है। दूसरी बड़ी चूक हस्ताक्षरकर्ता को लेकर है।
आदेशों पर राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के हस्ताक्षर दर्ज किए गए हैं, जबकि वे इसके अध्यक्ष ही नहीं हैं। वर्तमान में इसके अध्यक्ष एसएन मिश्रा हैं, जबकि मनोज श्रीवास्तव करीब दो वर्ष पहले इससे जुड़े रहे थे।
अधिकारियों ने जताई हैरानी
नए जिले बनाने जैसे संवेदनशील प्रशासनिक विषय पर अस्तित्वहीन आयोग के नाम, पूर्व में जुड़े रहे अधिकारी के नाम-हस्ताक्षर और एआई तकनीक से गढ़े गए फर्जी पत्रों को देखकर प्रशासनिक हलकों और संबंधित अधिकारियों ने भी हैरानी जताई है।