
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कृषक कल्याण वर्ष 2026 की मूल भावना के अनुरूप मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने किसानों और ग्रामीण परिवारों को बेहतर बिजली सुविधा देने पर जोर दिया है। कंपनी की ओर से स्थायी घरेलू और कृषि पंप बिजली कनेक्शन मात्र पांच रुपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों और किसानों को सशक्त बनाना तथा उन्हें सरल तरीके से बिजली सुविधा उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार, योजना के तहत अब तक 2.21 लाख ग्रामीण उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें 1.18 लाख कृषि उपभोक्ता और 1.02 लाख घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। इसके अलावा बीपीएल श्रेणी के 10,327 उपभोक्ताओं को भी मात्र पांच रुपये में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
कंपनी का कहना है कि कम लागत पर कनेक्शन उपलब्ध कराने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा का विस्तार करने के साथ परिवारों और किसानों को कनेक्शन लेने में आसानी हो रही है।
किसानों को सिंचाई के लिए भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ‘स्वयं का ट्रांसफार्मर’ योजना भी चला रही है। इस योजना का लाभ अब तक 1.48 लाख से अधिक किसान उठा चुके हैं।योजना के माध्यम से कृषि पंपों के लिए अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Ladli Behna Yojana: खत्म हुआ 1.25 करोड़ बहनों का इंतजार... इस तारीख को आएगी लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त
कंपनी के अनुसार कृषि क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने और उपभोक्ता सुविधाओं का विस्तार करने का काम लगातार जारी है। इसका उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर बिजली व्यवस्था देने के साथ ग्रामीण परिवारों को सरल और सुगम बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना है।