भोपाल के फंदा में सीमेंट फैक्ट्री का विरोध, हनुमान चालीसा पाठ कर इंदौर रोड किया जाम; किसानों पर FIR दर्ज
किसानों ने शनिवार को इंदौर रोड पर दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। इससे हाईवे के दोनों तरफ करीब चार किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:08:10 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:08:10 AM (IST)
किसानों के प्रदर्शन से हाईवे के दोनों तरफ करीब चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। नईदुनिया।HighLights
- ग्राम फंदा में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री का विरोध
- किसानों ने इंदौर रोड पर दो घंटे चक्काजाम किया
- विधायक रामेश्वर शर्मा ने पर्यावरण विभाग को पत्र लिखा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर के ग्राम फंदा में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। सैकड़ों किसानों ने शनिवार दोपहर एक बजे प्रदर्शन किया और इंदौर रोड पर दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
किसान सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। इससे हाईवे के दोनों तरफ करीब चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
समझाइश के बाद सड़क से हटे किसान
मौके पर पहुंचे हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया और तहसीलदार कुणाल राउत ने किसानों से चर्चा की। एसडीएम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को ग्रामीणों की आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई का प्रस्ताव भेजने का भरोसा दिया। किसानों ने करीब तीन बजे प्रदर्शन खत्म किया, तब जाकर जाम खुल सका।
कांग्रेस नेता अनोखी मान सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित फैक्ट्री बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र के गांवों के लिए खतरा बन सकती है। फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल, अपशिष्ट और धूल से जल एवं वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। इससे खेती, जलस्रोतों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
विधायक ने पर्यावरण विभाग को लिखा पत्र
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी पर्यावरण विभाग को पत्र लिखकर ग्रामीणों की आपत्तियों से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक और किसान प्लांट का विरोध कर रहे हैं, इसलिए अनुमति देने से पहले दोबारा जनसुनवाई कर सभी प्रभावितों का पक्ष सुना जाए।
जनपद अध्यक्ष ने मंच से मांगी माफी
फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत ने ग्रामीणों से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से कैचमेंट एरिया में विकास परियोजना का प्रस्ताव रखा गया था और उस पर उन्होंने सहमति जताई थी। अब ग्रामीणों की आपत्तियों के बीच यह मुद्दा आंदोलन का केंद्र बन गया है।
प्रदर्शन करने वालों पर एफआईआर दर्ज
खजूरी सड़क थाना प्रभारी राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि बिना सूचना दिए सड़क पर लोगों ने प्रदर्शन किया, जिससे जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस ने यातायात व्यवस्थित करवाया और अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा, रास्ता रोकने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।