भोपाल में पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मारा, काम-धंधा करने की बात पर भड़का शराबी बेटा
भोपाल में शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने काम करने की सलाह पर पिता से विवाद किया। गुस्से में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की और फरार हो गया।
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 02:18:14 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 02:18:14 PM (IST)
भोपाल में पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मारा। (फाइल फोटो)HighLights
- शराब के नशे में बेटे ने पिता से खाना मांगा था।
- पिता ने काम करने और बकरी चराने की सलाह दी।
- विवाद बढ़ने पर बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला किया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र के प्रेमपुरा गांव के बंजारा टोला में रविवार रात इकलौते बेटे ने शराब के नशे में अपने 55 वर्षीय पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पिता युवक को काम धंधा करने की समझाइश दे रहे थे और ऐसा न करने पर खाना देने से मना किया था।
इसी बात पर नशे में धुत बेटा गुस्सा गया और कुल्हाड़ी उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वहीं शोर सुनकर बचाने पहुंची मां को भी उसने धक्का देकर गिरा दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खाना देने से इनकार पर किया विवाद
- पुलिस के अनुसार मृतक फूल सिंह लोधी (55) प्रेमपुरा के बंजारा टोला में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। उनका इकलौता बेटा धर्मेंद्र लोधी (31) बेरोजगार है और अक्सर आवारागर्दी करता था।
- रविवार रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगने लगा। पिता ने उसे काम-धंधा करने और बकरी चराने जाने की बात कहते हुए खाना देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर धर्मेंद्र भड़क गया और पिता से गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर कुल्हाड़ी से किया हमला
- विवाद बढ़ने पर धर्मेंद्र ने कुल्हाड़ी उठा ली और पिता पर हमला कर दिया। बताया गया है कि फूल सिंह के लेटने के दौरान आरोपी ने उनकी कमर पर पहला वार किया। इसके बाद उसने पीठ के दाहिने हिस्से पर कुल्हाड़ी से लगातार तीन बड़े वार कर दिए।
हमले में फूल सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घर में चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी बचाने के लिए पहुंचीं, लेकिन धर्मेंद्र ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार
- वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। स्वजन और पड़ोसी घायल फूल सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
- पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। परिवार में एक बेटी भी है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस घटना के पीछे शराब के नशे में खाना देने से मना करने को लेकर हुआ विवाद सामने आने की बात कह रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल आयुर्वेद कॉलेज में 300 सीटर पीजी हॉस्टल डेढ़ साल से अटका, 25 करोड़ की योजना को भूमि का इंतजार