फर्जी पासपोर्ट मामला: जाली बर्थ सर्टिफिकेट से अन्ना नगर के पते से बने 40 पासपोर्ट, भोपाल में 5 पर FIR दर्ज
पुलिस ने किशन साहा, लवलु चौधरी, अर्नव सिंह, विजय अतुलकर और रोहित सिंह के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने समेत पासपोर्ट अधिनियम की धार...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 04:52:49 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 04:52:49 PM (IST)
प्रतीकात्मक।HighLights
- अन्ना नगर स्थित बौद्ध विहार के पते से वर्ष 2023 से 2025 के बीच 40 लोगों के पासपोर्ट बने
- जांच में पांच आवेदकों के जन्म प्रमाण पत्र का नगर निगम में रिकॉर्ड नहीं मिला
- गोविंदपुरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में 5 लोगों पर केस दर्ज किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अन्ना नगर स्थित बौद्ध विहार के पते से पासपोर्ट सत्यापन कराने वाले पांच लोगों के जन्म प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं। नगर निगम भोपाल से सत्यापन कराने पर इन प्रमाण पत्रों का रिकॉर्ड ही नहीं मिला।
दो साल से चल रही जांच के बाद गोविंदपुरा पुलिस ने पांचों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने समेत पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है।
STF की जांच के बीच पुलिस का एक्शन
एसटीएफ की कार्रवाई के बीच इस मामले में भोपाल पुलिस की यह पहली एफआईआर है। पुलिस जांच में सामने आया कि बौद्ध विहार, अन्ना नगर के पते से वर्ष 2023, 2024 और 2025 में कुल 40 लोगों के पासपोर्ट का सत्यापन कराया गया था।
इनमें शिपोन राय पिता हिमांगसु राय, रूपोन राय पिता प्रदीप राय, दुर्जय चौधरी पिता बुद्धिश्तिया चौधरी राय और बिजाय तालुकदार पिता रोबिंद्रो तालुकदार के पासपोर्ट का सत्यापन 12 सितंबर 2023 को हुआ था।
बाद में जिला विशेष शाखा ने इनकी नागरिकता की जांच कराई। दस्तावेजों से नागरिकता प्रमाणित नहीं होने पर विशेष शाखा ने 15 जनवरी 2024 को इनके पासपोर्ट निरस्त करने के लिए पत्र भेजा था।
आधार के पुराने और स्थायी पते की जानकारी भी मांगी
मामले की जांच में पुलिस ने सभी 40 आवेदकों के आधार कार्ड में दर्ज पूर्व और स्थायी पते की जानकारी के लिए 29 जून 2025 को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), नई दिल्ली को पत्र भेजा। यूआईडीएआई ने निजता और गोपनीयता का हवाला देते हुए जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा पत्राचार किया है।
26 फाइलों की जानकारी भोपाल से मिली
पासपोर्ट कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 40 आवेदनों में से 26 की जानकारी भोपाल कार्यालय से मिली है, जबकि 13 आवेदनों की जानकारी गुवाहाटी कार्यालय से मांगी गई है। एक आवेदन का नंबर गलत होने के कारण उसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
26 फाइलों में से एक बंद हो चुकी है और एक को निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। दो आवेदकों के स्थायी पते की पुष्टि हो चुकी है, जबकि शेष की जांच जारी है।
पुलिस ने किशन साहा, लवलु चौधरी, अर्नव सिंह, विजय अतुलकर और रोहित सिंह के जन्म प्रमाण पत्र नगर निगम भोपाल से सत्यापित कराए। 17 सितंबर 2026 को निगम से मिले जवाब में पांचों प्रमाण पत्रों का रिकार्ड उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब बौद्ध विहार के पते से पासपोर्ट सत्यापन कराने वाले अन्य आवेदकों के दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।- अवधेश सिंह तोमर, थाना प्रभारी, गोविंदपुरा