70 फर्जी पासपोर्ट मामले में STF की बड़ी कार्रवाई: भोपाल से 5वां आरोपी नसीम अख्तर गिरफ्तार
पूछताछ में नसीम ने मुख्य साजिशकर्ता नित्यानंद भिक्षु उर्फ रेयाल चौधरी भिक्षु के बताए व्यक्तियों के फर्जी दस्तावेजों से ऑनलाइन आवेदन करने और करीब 8 पास...और पढ़ें
By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 06:26:14 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 06:26:14 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- 70 फर्जी पासपोर्ट मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार
- STF ने भोपाल के एमपी नगर से नसीम अख्तर को पकड़ा
- विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत पहले से है आरोपी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 70 पासपोर्ट बनवाने के हाई-प्रोफाइल मामले में मध्य प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को बड़ी सफलता मिली है।
एसटीएफ भोपाल की टीम ने पांचवें आरोपी नसीम अख्तर को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एमपी नगर क्षेत्र में टूर एंड ट्रेवल्स की आड़ में पासपोर्ट एजेंट के रूप में फर्जीवाड़ा कर रहा था।
नित्यानंद भिक्षु से हुई थी मुलाकात, ऑनलाइन किए आवेदन
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी नसीम अख्तर ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2016 से एमपी नगर, भोपाल में 'टूर एंड ट्रेवल्स' का काम कर रहा था और बाद में पासपोर्ट एजेंट के रूप में काम करने लगा। इसी दौरान भोपाल पासपोर्ट कार्यालय के बाहर उसकी मुलाकात मुख्य साजिशकर्ता नित्यानंद भिक्षु उर्फ रेयाल चौधरी भिक्षु से हुई।
नित्यानंद द्वारा बताए गए व्यक्तियों के फर्जी दस्तावेजों पर नसीम ने ऑनलाइन आवेदन किए और लगभग 8 पासपोर्ट बनवाने की बात स्वीकार की है। पुलिस फिलहाल प्राप्त दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
नागपुर में भी दर्ज है फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला
पकड़े गए आरोपी नसीम अख्तर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर में पूर्व से ही फर्जीवाड़ा और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत अपराध पंजीकृत है।
कई गंभीर धाराओं में विवेचना जारी
प्रकरण में एसटीएफ इकाई ग्वालियर एवं भोपाल द्वारा आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, साजिश रचने सहित पासपोर्ट अधिनियम, विदेशी विषयक अधिनियम और भारतीय नागरिकता अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत गहन विवेचना की जा रही है।