भोपाल की आदमपुर खंती में फिर लगी आग, दूर तक फैला धुआं और बदबू
भोपाल के आदमपुर छावनी स्थित कचरा खंती में सोमवार सुबह आग लगने से बड़ी मात्रा में जमा कचरा जलने लगा। धुआं और दुर्गंध आसपास के इलाकों तक फैल गई।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 10:41:00 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 10:41:00 AM (IST)
आदमपुर खंती में लगी आग। नईदुनियाHighLights
- आदमपुर खंती में फिर लगी आग
- 18 महीने में कई आग लगने का दावा
- 12 से 15 गांवों के रहवासियों की सेहत पर चिंता
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की आदमपुर छावनी स्थित कचरा खंती में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। यहां बड़ी मात्रा में जमा कचरा आग की चपेट में आ गया। आग से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया, जबकि जलते कचरे की दुर्गंध आसपास के इलाकों में फैल गई। सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
18 महीने में बार- बार आग लगने का दावा
आदमपुर खंती में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले 18 महीनों में यहां 12वीं बार आग लगने की बात कही जा रही है। बार-बार आग लगने की घटनाओं ने कचरा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। बड़ी मात्रा में जमा कचरे में आग लगने से आसपास के क्षेत्रों में धुएं और दुर्गंध की समस्या बढ़ जाती है।
12 से 15 गांवों के रहवासी प्रभावित होने की चिंता
आदमपुर खंती के आसपास स्थित 12 से 15 गांवों के रहवासियों को कचरे से उठने वाले धुएं और दुर्गंध के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों की टीम ने आसपास के लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी की है।
बार-बार आग लगने की घटनाओं के बीच अब नगर निगम के सामने कचरे के सुरक्षित प्रबंधन और आग की पुनरावृत्ति रोकने की चुनौती है।