भोपाल के जहांगीराबाद थाने में बड़ा हादसा; जब्ती के वाहनों में लगी भीषण आग, 5 कार और 1 स्कूटर जलकर खाक
भोपाल के विभिन्न थानों में लंबे समय से जब्त पुराने और कंडम वाहन रखे हुए हैं। पिछले साल हनुमानगंज थाना परिसर में भी वाहनों में आग लगने की घटना हुई थी।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 03:07:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 03:07:03 PM (IST)
जहांगीराबाद थाने में आगजनी के बाद जले हुए वाहन। नईदुनिया।HighLights
- जहांगीराबाद थाना परिसर में छह वाहन जले
- दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई
- लंबे समय से जब्त पुराने और कंडम वाहन रखे हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जहांगीराबाद थाना परिसर में खड़े जब्ती के वर्षों पुराने वाहनों में गुरुवार दोपहर को आग लग गई। हादसे में छह वाहन आग की चपेट में आ गए और जल गए। उधर भड़की आग को देखकर पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल ने पहुंचकर तुरंत आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कुछ वाहन जल चुके थे। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मामले में आगजनी कायम की है।
अचानक भड़की आग
जहांगीराबाद थाना प्रभारी हरिकिशन लोरिया ने बताया कि थाने के सामने परिसर में लंबे समय से जब्ती के कंडम वाहन खड़े हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे ग्राउंड के पास खड़ी कारों में आग लग गई थी। हादसे में पांच कारें और एक स्कूटर जल गई। पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
1990 दशक तक के चार हजार से ज्यादा वाहन
राजधानी के थाना परिसरों में पुराने जब्त वाहनों का जमावड़ा लगा है। हर थाने में सैकड़ों पुराने वाहन जब्त हैं। इनमें ऐसे वाहन भी शामिल हैं, जिनका केस अब न्यायालय में लंबित भी नहीं है। इसके बावजूद पुलिस ने उन वाहनों के निकाल का कोई ठोस प्रयास नहीं किया है।
नतीजन थाना परिसरों में पुराने कंडम वाहनों का अंबार लगा है और इस तरह आगजनी की वारदातें हो रही हैं। पिछले वर्ष हनुमानगंज थाना परिसर में भी खड़े वाहनों में आग लग गई थी।