
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शादी के बाद पहली दीपावली मनाने गांव जा रहे नवदंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार सुबह सिरोंज रोड पर करारिया जोड़ के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार मिथुन प्रजापति (30) और उनकी पत्नी पूजा (21) उछलकर सड़क पर गिर गए और बाइक नाली में जा गिरी, गंभीर रूप से घायल दोनों की मौत हो गई।
हादसे में कार ने पास से गुजर रही एक दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवक घायल हो गए। बैरसिया पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मिथुन प्रजापति मूल रूप से विदिशा जिले के ग्राम पगरानी के रहने वाले थे। उनकी छह महीने पहले ही पूजा से शादी हुई थी। दोनों भोपाल के कोलार क्षेत्र में किराये से रह रहे थे और अस्पताल में काम करते थे।
रविवार सुबह करीब 11:45 बजे वे दीपावली की खरीदारी का सामान लेकर बाइक से अपने गांव जा रहे थे। करारिया जोड़ के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अर्टिगा कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सामने से दूसरी कार आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पहले नवदंपती की बाइक से टकराई। इसके बाद उसने पास से गुजर रही दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। इस बाइक पर तरावली खुर्द निवासी गोलू मीणा और हिम्मत मीणा सवार थे। दोनों को चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में पटाखे से 14 साल के बच्चे की फटी आंख, बारूद अंदर तक घुसा, हमीदिया में एक घंटे चला ऑपरेशन
थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कार जब्त कर ली। बताया जा रहा है कि कार एक रिफाइनरी में अटैच है। हादसे में कार चालक को भी चोट आई है। फिलहाल पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नहीं की है।