नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आयुर्वेद के छात्रों के लिए इंटर्नशिप में लापरवाही अब बहुत महंगी पड़ेगी। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) ने साफ कर दिया है कि इंटर्नशिप के दौरान फर्जी उपस्थिति लगाने या मिलीभगत से झूठी जानकारी देने पर छात्र को जुर्माना, निलंबन और डिग्री तक गंवानी पड़ सकती है।
आयोग ने भारत का राजपत्र एक मई 2024 में नियम जारी किए हैं। इसके अनुसार साढ़े चार वर्षीय आयुर्वेदाचार्य बीएएमएस के बाद एक वर्ष की इंटर्नशिप अनिवार्य है। यानी पूरी डिग्री साढ़े पांच वर्ष की होगी।
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को संबद्ध अस्पताल में पूरी ईमानदारी से उपस्थित रहना होगा। अगर कोई छात्र अपेक्षित उपस्थिति पूरी किए बिना या संस्थान के साथ मिलीभगत से झूठी जानकारी देकर उपस्थिति गलत तरीके से दिखाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह कार्रवाई भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग विनियम 2022 के तहत की जाएगी।
इस तरह होगी कार्रवाई
- पहली बार दोषी पाए जाने पर छात्र को न्यूनतम एक वर्ष के लिए अस्थायी निलंबन के साथ पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
- दूसरी बार दोषी होने पर सजा और बढ़ जाएगी। ऐसे छात्र को दो वर्ष के निलंबन के साथ 10 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा।
- तीसरी बार दोष सिद्ध होने पर छात्र का स्नातक कार्यक्रम से प्रवेश स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाएगा। यानी उसकी डिग्री का सपना टूट जाएगा।
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को सालभर में सिर्फ 12 दिन का अवकाश मिलेगा। मूल्यांकन प्रणाली छात्र के कौशल का आकलन करेगी।
सूत्रों के अनुसार टीचिंग स्टाफ, नॉन टीचिंग स्टाफ और हॉस्पिटल स्टाफ के समान ही इंटर्न छात्रों की उपस्थिति मान्य होगी। बीएएमएस के तीनों प्रोफ उत्तीर्ण करने के बाद एक वर्ष की इंटर्नशिप होगी। किसी विशेष परिस्थिति में अधिकतम तीन वर्ष के भीतर इंटर्नशिप पूरी करनी होगी।
25 हजार से ज्यादा छात्र प्रभावित
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, बिहार, उत्तराखंड, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में वर्ष 2025 तथा 2026 में 600 से ज्यादा आयुर्वेद कॉलेजों के 25 हजार से ज्यादा छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं अथवा एक माह के भीतर ज्वाइन करने वाले हैं। ऐसे में यह नियम लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है।