
अंजली तोमर, नईदुनिया, भोपाल। रेल यात्रा के दौरान सामान चोरी की घटनाएं यात्री सुरक्षा के लिए चुनौती बनी हुई हैं। जीआरपी भोपाल के आंकड़ों के विश्लेषण में पता चला है कि ट्रेनों में सबसे ज्यादा चोरियां सुबह तीन से छह बजे के बीच होती हैं। इस दौरान यात्री गहरी नींद में होते हैं और सामान पर ध्यान नहीं दे पाते।
जीआरपी के मुताबिक, एक जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 तक चोरी के 2198 मामले दर्ज हुए। इनमें 1230 घटनाएं सुबह तीन से छह बजे के बीच हुईं। रात 12 से तीन बजे के बीच 968 मामले दर्ज किए गए।
सुबह छह से नौ बजे के बीच 741, रात नौ से 12 बजे के बीच 486 और दोपहर तीन से शाम छह बजे के बीच 469 मामले सामने आए। जीआरपी ने सुबह तीन से छह बजे के समय को सबसे संवेदनशील माना है।
यह भी पढ़ें- एमपी के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी... रेलवे चलाएगा 3 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, प्रदेश के इन जिलों में मिलेगा ठहराव
जीआरपी के मुताबिक, सर्वाधिक 1414 घटनाएं ट्रेन के स्लीपर कोच में हुईं। जनरल कोच में 1383 और एसी कोच में 1049 मामले सामने आए। दिव्यांग कोच में 14 और महिला कोच में चार अपराध दर्ज किए गए।
पिछले छह महीनों में जीआरपी की कार्यप्रणाली में बदलाव किए गए हैं। ट्रेनों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। 139 हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों की सुबह-शाम समीक्षा होती है। त्वरित कार्रवाई के लिए दूसरे राज्यों की जीआरपी से भी समन्वय किया जा रहा है।- राजा बाबू सिंह, स्पेशल डीजी, रेल