एमपी के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी... रेलवे चलाएगा 3 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, प्रदेश के इन जिलों में मिलेगा ठहराव
Indian Railways: दीपावली और छठ महापर्व के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 07:02:46 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 07:02:46 PM (IST)
दीपावली-छठ के बाद घर वापसी की राह आसान।HighLights
- दीपावली-छठ के बाद घर वापसी की राह आसान
- मुंबई-पुणे से यूपी-बिहार के लिए 3 स्पेशल ट्रेनें
- भोपाल, इटारसी और बीना पर मिलेगा ठहराव
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली और छठ महापर्व के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर और गोरखपुर के लिए दो ट्रेनें, जबकि पुणे से दानापुर के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
भोपाल मंडल के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
इन ट्रेनों का लाभ भोपाल मंडल के यात्रियों को भी मिलेगा। गोरखपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन का भोपाल, इटारसी और बीना तीनों स्टेशनों पर ठहराव रहेगा, जबकि दोनों दानापुर स्पेशल ट्रेनों का इटारसी स्टेशन पर स्टापेज रहेगा।
यह भी पढ़ें- MP में पुलिस सिपाही बनने की होड़, 7500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन; डॉक्टर-इंजीनियर भी कतार में
इन ट्रेनों से यात्रियों को मिलेगा लाभ
- 01025/01026 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर स्पेशल: 10 नवंबर को एलटीटी से रात 11:55 बजे रवाना होकर 11 नवंबर को दोपहर 2:04 बजे इटारसी पहुंचेगी। वापसी में 12 नवंबर को दानापुर से दोपहर 1:30 बजे चलकर 13 नवंबर को सुबह 10:01 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसमें 18 सामान्य श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच रहेंगे।
01027/01028 एलटीटी-गोरखपुर स्पेशल: 10 नवंबर को दोपहर 2:50 बजे एलटीटी से रवाना होगी। 11 नवंबर को इटारसी, भोपाल और बीना में क्रमश: सुबह 3:56, 6:01 और 8:26 बजे पहुंचेगी। वापसी में 12 नवंबर को गोरखपुर से सुबह 5:30 बजे रवाना होकर बीना, भोपाल और इटारसी में ठहरेगी। इसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कुल 20 एलएचबी कोच रहेंगे।
01469 पुणे-दानापुर वन-वे स्पेशल: 10 नवंबर को रात 8:20 बजे पुणे से रवाना होकर 11 नवंबर को सुबह 11:45 बजे इटारसी पहुंचेगी। 12 नवंबर को सुबह 5:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसमें कुल 22 एलएचबी कोच रहेंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।