
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण में खामियां पाई गई हैं। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक भरत यादव द्वारा निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा में मुरैना जिले में 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा–मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर जिले में 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा-मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। दोनों कार्यों के ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के लिए संबंधित मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया।
बुरहानपुर में निंबोला-मगरूल-थाथरबाल्डी–उतांबी–बोरी बुजुर्ग मार्ग का मजबूतीकरण कार्य तथा नाचनखेड़ा–अडगांव और दरियापुर–जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन कार्यों के ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दमोह में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह–हटा–गैसाबाद–सिमरिया मार्ग के मामले में संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई और ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यादव ने 22 कार्यों में आवश्यक सुधार कराने और निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में गठित सात दलों ने 20 नवंबर को विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह जिलों में चयनित कार्यों की गुणवत्ता जांची। इनमें लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, मप्र सड़क विकास निगम के छह, मप्र भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक कार्य शामिल था।
विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा-बेरसिया-ढोलखेड़ी मार्ग का कार्य गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी की सराहना की गई। प्रबंध संचालक यादव ने लोकपथ एप पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण चार दिन की निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- एमपी में 26 पुलिस अधिकारियों की तबादला, एक IPS समेत 25 DSP शामिल, भोपाल-इंदौर सहित कई जिलों के अफसर बदले