
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। सबसे गंभीर शिकायत मंदाकिनी स्क्वायर स्थित टेस्ट ऑफ छेना से जुड़ी रही, जहां खरीदी गई मिठाई में इल्लियां-कीट मिलने की शिकायत के बाद टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां से चार अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
मंदाकिनी स्क्वायर, कोलार रोड स्थित टेस्ट आफ छेना के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने मिठाई में इल्लियां-कीट मिलने की बात कही थी। इसके बाद टीम ने गुलाब मैंगो चॉकलेट स्वीट, मटर मातृ एवं नमकीन सेव, मिल्क केक और मैंगो चॉकलेट स्वीट के नमूने लिए। अब इनकी गुणवत्ता जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगी कि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
डीबी सिटी माल स्थित मैकडोनाल्ड का निरीक्षण भी सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर किया गया। टीम ने यहां से मैकडोनाल्ड से खुले फ्रेंच फ्राइज, पैक्ड मस्टर्ड सास और खुले पामोलीन तेल के तीन नमूने लेकर सीलबंद कर परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बैरागढ़ में तेल और छेना के नमूनेखाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बैरागढ़ क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। मोहनदास भोजराजमल किराना से सोयाबीन ऑयल, बजरंग किराना से मस्टर्ड आयल और एक अन्य खाद्य प्रतिष्ठान से छेना का नमूना लिया गया।
अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 10 नमूनों को नियमानुसार सीलबंद कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिवराज पावक, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी।