Railway News: पहली बार... 95 फीसद ट्रेनों में अनलॉक के दो महीने बाद तक मिल रहे कन्फर्म टिकट
Railway News: चल रही सीमित ट्रेनें, तब भी यह स्थिति। वजह, कोरोना संक्रमण से बचने रेल यात्रा टाल रहे लोग।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 25 May 2021 01:37:07 PM (IST)
Updated Date: Tue, 25 May 2021 01:37:07 PM (IST)

Railway News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। संभवत: पहली बार ऐसा हो रहा है, जब ट्रेनों में अगले दो महीने तक के टिकट कन्फर्म मिल रहे हैं। यह स्थिति तब है, जब सीमित ट्रेनें चल रही हैं और अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एक जून के बाद से तो बहुत सी बंदिशें हट जाएंगी। तब भी लोग रेल यात्रा से परहेज कर रहे हैं और यही वजह है कि हमेशा फुल रहने वाली ट्रेनों में भी कन्फर्म बर्थ मिल रही है।
दरअसल, भोपाल से होकर नई दिल्ली, चेन्नई, मुंबई जैसे प्रमुख गंतव्यों की तरफ जाने वाली ट्रेनें सामान्य दिनों में हमेशा फुल चलती हैं। यदि इनमें सफर करना हो तो कम से कम 15 दिन से लेकर दो महीने पहले टिकट बुक कराने पड़ते हैं। तब जाकर बर्थ मिल पाती है। ऐसा कोरोना के पहले होता था। तब 100 फीसद ट्रेनें पटरी पर थीं।
अभी 75 से 80 फीसद ट्रेनें ही चल रही हैं। उनमें से भी बीते एक माह में कम यात्री मिलने के कारण रेलवे ने प्रत्येक मंडल की पांच से 10 फीसद ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। बची ट्रेनों में एक जून के बाद दबाव बढ़ने की संभावना थी, लेकिन वे भी खाली हैं। वर्तमान स्थिति में भोपाल से होकर नई दिल्ली, चेन्नई, मुंबई, जयपुर की तरफ जाने वाली इक्का-दुक्का ट्रेनों को छोड़कर सभी में जुलाई के अंत तक के टिकट कन्फर्म मिल रहे हैं।
मुंबई की तरफ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस हमेशा फुल चलती थी। 150 तक की वेटिंग होती थी। इस ट्रेन में जनरल को छोड़कर बाकी श्रेणियों में कन्फर्म सीटें मिल रही हैं। इसी तरह मुंबई, चेन्नई, दिल्ली की तरफ जाने वाली 95 फीसद ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की गुंजाइशें बहुत कम रहती थी जिनमें कन्फर्म टिकट मिल रहे हैं।