
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध कुर्सी-टेबल हो या अन्य सामग्री अब उसका विवरण भी ऑनलाइन दर्ज होगा। इसके लिए विभाग इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम (आईएमएस) के नाम से नया सॉफ्टवेयर मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन से तैयार कराया जा रहा है।
इसमें यह उल्लेख भी रहेगा कि कौन सी सामग्री कब खरीदी गई थी। स्टोर से किसे दी गई, कब दी गई, उनके पास से कब लौटी। इसका लाभ यह होगा कि सामग्री का पूरा विवरण रहेगा। कहां किस चीज की कमी है, यह पता करना भी आसान रहेगा। इससे स्वास्थ्य विभाग को खरीदी से लेकर नीति बनाने तक में सहायता मिलेगी।
बता दें कि इसके पहले उपकरणों का विवरण और उनकी मरम्मत के लिए इक्विपमेंट मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (ईक्यूएमआईएस) लागू किया गया जा चुका है। यह व्यवस्था इसलिए की गई है कि उपकरणों के खराब होने पर एक सप्ताह के भीतर सुधारा जा सके। इसी तरह का लाभ अन्य सामग्री की मरम्मत में भी मिलेगा।
उदाहरण के तौर पर कहीं कोई सामग्री खराब है, मरम्मत नहीं हो पा रही है तो उसका विवरण भी आसानी से देखा जा सकेगा। दो से तीन माह में यह सॉफ्टवेयर तैयार होने के बाद जिलों में एंट्री प्रारंभ हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में रामघाट पर भगवान धर्मराज मंदिर में एक साथ विराजित हैं 12 ज्योतिर्लिंग, 84 महादेव, विष्णु के 24 अवतार
स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारी भी एक क्लिक पर देख सकेंगे किसी सामग्री की कहां कैसी उपलब्धता है। अभी पूरा विवरण मैनुअल रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। कई बार स्टोर में गड़बड़ी की शिकायतें भी आती हैं। जैसे किसी सामग्री को निर्धारित समय के पहले ही कंडम घोषित कर दिया जाता है या स्टॉक बेमेल मिलता है। अब छोटी-बड़ी सभी सामग्री का विवरण एक जगह से देखा जा सकता है।