
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पूर्व आइएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के आठ दिन बाद भी मुख्य आरोपित के हाथ नहीं आने पर भोपाल पुलिस ने उसकी तलाश का दायरा और बढ़ा दिया है। आरोपित की तस्वीर वाले पोस्टर मथुरा, आगरा और ग्वालियर समेत उन प्रमुख स्थानों पर चस्पा किए जाएंगे, जहां उसके पहुंचने की आशंका है। पुलिस की पांच टीमें लगातार उसकी लोकेशन और संभावित ठिकानों को ट्रैक कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 29-30 सितंबर की दरमियानी रात रातीबड़ के सूरज नगर स्थित घर में पूर्व आइएएस राकेश अग्रवाल की उनके केयरटेकर वरूण कुमार ने गला काटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और आवाजाही से जुड़े कई सुराग जुटाए, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय पहले ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर चुका है।
आरोपित के पिता ग्वालियर जबकि दो बहनें पंजाब के पटियाला और आगरा में रहती हैं। पुलिस ने आरोपित की तलाश में तीनों स्थानों पर टीमें तैनात कर दी हैं, जहां रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अब सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर लोगों से आरोपित के संबंध में सूचना देने की अपील करेगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कुख्यात महिला तस्कर सीमा नाथ पर शिकंजा, पुलिस जब्ती के बाद 48.5 लाख की नकदी कुर्क