भोपाल: गलती से ₹90 लाख ज्यादा ट्रांसफर हुए तो लौटाने के बहाने ₹11.60 लाख और ठगे
भोपाल के कारोबारी आशीष तिवारी ने 6 अक्टूबर को गलती से 9.80 लाख की जगह 99.80 लाख रुपये टच क्लाउड साल्यूशन कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। अतिरिक्त रकम लौटाने के बजाय 11.60 लाख रुपये और ऐंठने का आरोप है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 10:32:33 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 10:32:33 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- कारोबारी से गलती से ट्रांसफर हुए 99.80 लाख रुपये
- तकनीकी समस्या बताकर 11.60 लाख रुपये और जमा कराए
- फर्जी यूपीआई स्क्रीनशाट भेजकर करते रहे गुमराह
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एक कारोबारी की भुगतान संबंधी गलती को पंजाब की कंपनी के संचालक और उसके सहयोगी ने ठगी का मौका बना लिया। मैनपावर सप्लाई के 9.80 लाख रुपये के सौदे में कारोबारी ने गलती से 99.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अतिरिक्त रकम लौटाने के बजाय आरोपितों ने बैंक की तकनीकी समस्या बताकर वापसी के नाम पर 11.60 लाख रुपये और वसूल लिए। इसके बाद फर्जी यूपीआई स्क्रीनशाट भेजकर रकम लौटाने का भरोसा दिलाते रहे, लेकिन भुगतान नहीं किया।
मैनपावर सप्लायर कंपनी का मामला
हबीबगंज पुलिस ने हरीश कुमार और चेतन कुमार करले के खिलाफ केस दर्ज किया है। अरेरा कॉलोनी निवासी मैनपावर सप्लायर आशीष तिवारी ने 6 अक्टूबर 2026 को केनरा बैंक से टच क्लाउड साल्यूशन कंपनी के खाते में भुगतान किया था।
राशि 9.80 लाख की जगह 99.80 लाख ट्रांसफर हो गई। आशीष ने तत्काल इसकी जानकारी कंपनी संचालक हरीश और सहयोगी चेतन को देकर अतिरिक्त रकम मांगी।
तकनीकी समस्या बताकर ठगी
आरोपितों ने रकम लौटाने में आनाकानी की और तकनीकी दिक्कत का हवाला देकर 11.60 लाख रुपये और जमा करा लिए। रकम नहीं मिलने पर आशीष ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लुधियाना रवाना होगी।