नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मनोरंजन का लालच और कीमत सिर्फ एक रुपए! साइबर ठग इसी आकर्षक ऑफर को हथियार बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर नई फिल्म या वेब सीरीज डाउनलोड करने के विज्ञापन दिखाए जाते हैं। कम कीमत देखकर लोग लिंक पर क्लिक कर देते हैं और यहीं से ठगी का खेल शुरू होता है।
भोपाल में सामने आए मामले
एयरपोर्ट रोड स्थित गुलमोहर गार्डन निवासी शहजाद से इसी तरह 50 हजार रुपये की ठगी हुई थी। पिपलानी में रहने वाले संतोष सेन के साथ भी 1 रुपये में फिल्म डाउनलोड करने के नाम पर 39 हजार रुपये की ठगी हुई है। दोनो केस मे पुलिस जांच कर रही है।
इस तरह बिछाते हैं ठगी का जाल
- इंटरनेट मीडिया पर एक रुपये में फिल्म या वेब सीरीज डाउनलोड करने का विज्ञापन।
- लिंक खोलने पर फर्जी वेबसाइट पर पहुंचाकर भुगतान करने को कहा जाता है।
- भुगतान के दौरान यूपीआई पिन डालने या बैंकिंग जानकारी भरने के लिए प्रेरित किया जाता है।
- कुछ मामलों में संदिग्ध एप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की जानकारी चुराने की कोशिश भी हो सकती है।
- गोपनीय जानकारी मिलने या भुगतान अधिकृत होने पर खाते से रकम निकाली जाती है।
ऐसे बचें
- अनजान विज्ञापनों और संदिग्ध लिंक से फिल्म डाउनलोड न करें।
- फिल्म देखने के लिए आधिकारिक ओटीटी प्लेटफार्म का इस्तेमाल करें।
- किसी अनजान वेबसाइट पर यूपीआई पिन, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी न डालें।
- अनजान स्रोत से एपीके फाइल डाउनलोड न करें।
इंटरनेट मीडिया पर कम कीमत में फिल्म डाउनलोड करने के विज्ञापनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा न करें। - शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच