
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में अध्ययनरत लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बीते दिनों ऐसी खबरें और अटकलें जोर पकड़ रही थीं कि राज्य कैबिनेट की बैठक में सांदीपनि स्कूलों की मुफ्त बस सेवा को बंद करने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है और इसका वित्तीय भार छात्रों पर डाला जा सकता है।
हालांकि, हाल ही में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर कोई चर्चा ही नहीं की गई। ऐसे में प्रदेश के लगभग 1.5 लाख स्कूली बच्चों की फ्री बस सेवा फिलहाल पहले की तरह ही बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।
दरअसल, विभागीय स्तर पर सांदीपनि विद्यालयों के निःशुल्क बस संचालन की व्यवस्था में बदलाव को लेकर एक प्रस्ताव तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इस प्रस्ताव के तहत बस सेवा के एवज में छात्रों से शुल्क (फीस) लेने की बात कही जा रही थी।
इस खबर के बाहर आते ही अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच चिंता का माहौल बन गया था। माना जा रहा था कि इस फैसले से हजारों ग्रामीण और दूर-दराज के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिससे बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
कैबिनेट बैठक में इस विषय पर चर्चा न होने के बाद अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। राज्य सरकार ने फिलहाल ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है, जिससे विद्यार्थियों की निःशुल्क परिवहन सुविधा प्रभावित हो। ऐसे में फिलहाल फ्री बस सेवा का संचालन जारी रहने से 1.5 लाख बच्चों को स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में इंस्टाग्राम पर रील बनाने के बहाने 10 लाख की धोखाधड़ी, दोपहिया वाहन में रुपये रखकर फरार हुई युवती