
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोलार स्थित इंडेन गैस एजेंसी में दूसरी बार सिलिंडरों से गैस चोरी पकड़ी गई है। बुधवार को जांच के दौरान सात सिलिंडरों में ढाई से तीन किलो तक गैस कम मिली। इससे पहले भी एजेंसी में सिलिंडरों में कम गैस मिलने का मामला सामने आ चुका है।
हैरानी की बात यह है कि सिलिंडरों से गैस निकालने के बाद उनकी सील दोबारा लगा दी जाती थी, जिससे उपभोक्ताओं को इसकी भनक तक नहीं लगती थी। पूरा पैसा चुकाने के बावजूद उन्हें कम गैस वाला सिलिंडर मिलने का खतरा बना हुआ था।
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, मंगलवार को कोलार इंडेन गैस एजेंसी के वाहन में रखे सिलिंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलिंडरों में भरने का मामला पकड़ा गया था। जांच में सात सिलिंडरों में गैस की मात्रा कम पाई गई। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए 98 सिलेंडर जब्त किए और प्रकरण कलेक्टर कोर्ट में पेश कर दिया है। एजेंसी संचालक दीपा गाड़ी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जांच के दौरान कर्मचारी ने बताया कि वह बंसी की मदद से सीलपैक सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भरता था। इसके बाद सील दोबारा लगा दी जाती थी। इस तरीके से सिलिंडर बाहर से सीलपैक नजर आते थे, लेकिन उनमें गैस कम होती थी। अब मामले में एजेंसी की जिम्मेदारी और गैस चोरी के पूरे नेटवर्क की जांच महत्वपूर्ण होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में RTI कानून बेअसर, 64.5% आवेदन लंबित, स्कूल शिक्षा विभाग में 99.5% मामलों में नहीं मिली जानकारी
दीपावली के मद्देनजर अक्टूबर में अब तक 94 प्रतिशत परिवारों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन प्राप्त कर लिया है। शुक्रवार और शनिवार को भी उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरित किया जाएगा। अगला वितरण चार नवंबर से शुरू होगा। पात्र परिवारों को प्रति सदस्य चार किलो गेहूं और एक किलो फोर्टिफाइड चावल दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रति परिवार एक किलो नमक एक रुपये की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।