
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जर्मनी से अपनी बेटी के साथ भोपाल आई एक महिला का टूरिस्ट वीजा खत्म होने के बाद पुलिस ने उसे गौरवी सेंटर भेज दिया। महिला की पहचान डायट्रिक बर्कवाल के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से रेलवे स्टेशन के आसपास घूम रही थी। स्टेशन कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व उसकी बेटी को अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस के अनुसार महिला की वर्ष 2011 में जबलपुर निवासी एक युवक से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी। इसके बाद युवक के बुलाने पर वह भारत आई थी। वर्ष 2025 में महिला अपनी बेटी के साथ दोबारा भारत आई। दोनों जर्मनी से भारत पहुंची थीं और यहां आने के बाद जबलपुर निवासी युवक उनके साथ घूमने जाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला और उसकी बेटी का टूरिस्ट वीजा अब समाप्त हो चुका है।
यह भी पढ़ें- फर्जी IAS तृप्ति का वीडियो आया सामने; रौब दिखाने बुलवाती थी पुलिस बल, करती थी सरकारी दफ्तरों की जांच
इसके बाद महिला थाना पुलिस ने जबलपुर निवासी युवक से पूछताछ की और महिला व उसकी बेटी को गौरवी सेंटर भेज दिया। पुलिस ने जर्मनी एंबेसी को भी मामले की जानकारी देते हुए पत्र लिखा है। आसूचना एवं सुरक्षा के प्रभारी डीसीपी विकास शहवाल ने बताया कि महिला और उसकी बेटी को वापस जर्मनी भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों और जर्मनी एंबेसी के साथ समन्वय किया जा रहा है।