
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम अब शहर में नई पार्किंग बनाने जा रहा है। निगम ने शहर में नए पार्किंग स्थलों के लिए 14 स्थान चिह्नित किए हैं, जिनमें से 12 को सतही पार्किंग और दो को प्रीमियम पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस योजना में मेट्रो स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है, जहां अकसर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनी रहती है।
बता दें कि महापौर परिषद (एमआइसी) ने इस योजना को पिछले महीने मंजूरी दी थी, जिसके बाद इसे परिषद से भी स्वीकृति मिल गई। निगम ने इन पार्किंग स्थलों के विकास के लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। इससे पहले इन स्थानों पर पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता था, जिसके कारण लोग अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर देते थे और यातायात बाधित होता था। अब इन स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग के साथ शुल्क भी लागू किया जाएगा, जिससे निगम को राजस्व प्राप्त होगा।
शहर में मेट्रो शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक मेट्रो स्टेशन के पास पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में नगर निगम अब मेट्रो स्टेशनों के पास आठ पार्किंग स्थल बनाने जा रहा है। इनमें सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे का क्षेत्र और गेट नंबर 3 के सामने, बिट्टन मार्केट स्थित मेट्रो प्लाजा, केंद्रीय विद्यालय मेट्रो स्टेशन पर गेट नंबर एक के सामने, डीआरएम ऑफिस मेट्रो स्टेशन, अलकापुरी मेट्रो स्टेशन और बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। बोर्ड ऑफिस चौराहा के पास प्रीमियम पार्किंग बनाई जाएगी और शेष जगह सतही पार्किंग होगी।
यह भी पढ़ें- आशा भोसले का भोपाल कनेक्शन... 1989 के राजकीय सम्मान से लेकर 2011 की वह शाम आज भी है संगीत प्रेमियों के जेहन में ताजा
मेट्रो स्टेशन के अलावा शहर में अन्य छह जगह भी पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। इनमें कमला नेहरू स्कूल के पास, एमपी नगर जोन-दो में रेलवे ट्रैक के पास की सड़क, चिरायु अस्पताल के पीछे, रायल मार्केट से तीन मोहर तक मोतिया तालाब के किनारे, मनीषा मार्केट से शैतान सिंह चौराहा की ओर बस स्टॉप तक पार्किंग बनाई जाएंगी। इसके अलावा रंगमहल चौराहा से न्यू मार्केट क्षेत्र में बनने वाली पार्किंग प्रीमियम पार्किंग होगी। वहीं, अन्य पांच पार्किंग सतही पार्किंग होंगी।