
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में 146 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद वंदे भारत ट्रेनों की नियमित जांच के साथ उनके बड़े स्तर के रखरखाव की सुविधा भी भोपाल में ही उपलब्ध होगी।
अभी इन ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण रानी कमलापति स्थित डिपो में किया जा रहा है। नए डिपो के शुरू होने से मध्यम और लंबी अवधि के मेंटेनेंस के लिए भी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इससे भोपाल रेल मंडल की रखरखाव क्षमता बढ़ेगी और आधुनिक ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को 7 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी थी। इसके बाद 13 जून 2026 से निर्माण कार्य शुरू किया गया। परियोजना के पहले चरण में छह नई अनुरक्षण लाइनें बनाई जा रही हैं। इन पर वंदे भारत ट्रेनों की तकनीकी जांच, आवधिक निरीक्षण और जरूरी मरम्मत के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे ट्रेनों के रखरखाव के लिए भोपाल में ही व्यवस्थित व्यवस्था तैयार हो सकेगी। परियोजना को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस डिपो में वंदे भारत के साथ एलएचबी कोचों के रखरखाव की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए दो नई पिट लाइनों के निर्माण का प्रस्ताव है। इन लाइनों पर एलएचबी रेक की नियमित जांच और मरम्मत की जा सकेगी। इससे कम समय में अधिक रेक का रखरखाव करना संभव होगा। साथ ही भोपाल के मौजूदा अनुरक्षण केंद्रों पर काम का दबाव भी कम होगा। रेलवे में एलएचबी कोच वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।
मेंटेनेंस डिपो परिसर में फिलहाल कई स्तरों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। वाशिंग पिट की मध्य दीवार और दाईं ओर की साइड फुटिंग की कास्टिंग की जा रही है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन का निर्माण भी जारी है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग की छत की शटरिंग और सरियों को बांधने का काम किया जा रहा है। वहीं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की दीवारों की कास्टिंग भी प्रगतिरत है।
इस परियोजना के पूरा होने से भोपाल में आधुनिक रेलगाड़ियों के रखरखाव के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार होगा। इससे न केवल वंदे भारत और एलएचबी रेकों की अनुरक्षण क्षमता बढ़ेगी, बल्कि भोपाल मंडल की रेल सुविधाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल से जारी कांग्रेस की कार्यकारिणी ने बढ़ाई सियासी खींचतान, शहर अध्यक्ष को नहीं थी जानकारी