भोपाल से जारी कांग्रेस की कार्यकारिणी ने बढ़ाई सियासी खींचतान, शहर अध्यक्ष को नहीं थी जानकारी
यूपी की योगी सरकार बेटियों की शिक्षा और बाल विवाह रोकने के लिए दो स्तरों पर काम कर रही है। कन्या सुमंगला योजना से 29.43 लाख बेटियों को 755.93 करोड़ रुपये मिले हैं।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 03:51:49 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 03:51:49 PM (IST)
भोपाल से जारी कांग्रेस की कार्यकारिणी ने बढ़ाई सियासी खींचतान। (फाइल फोटो)HighLights
- चार माह बाद भोपाल से घोषित हुई शहर कांग्रेस कार्यकारिणी।
- शहर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव को घोषणा की भनक तक नहीं।
- कई समाजों को प्रतिनिधित्व न मिलने पर छिड़ी जातीय बहस।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी चार माह तक होल्ड रहने के बाद सोमवार रात आखिरकार घोषित कर दी गई, लेकिन इस घोषणा ने संगठन में उत्साह से ज्यादा असंतोष और सियासी हलचल पैदा कर दी है। कार्यकारिणी प्रदेश नेतृत्व ने भोपाल से स्थानीय प्रमुख नेताओं की सहमति के आधार पर जारी की है। खास बात यह है कि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव को इसकी भनक तक नहीं थी। कार्यकारिणी घोषित होने के बाद मंगलवार दोपहर तक उनका मोबाइल बंद रहा। इससे संगठन के भीतर उनके अधिकार और प्रदेश नेतृत्व के साथ तालमेल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर बहस छिड़ी
- कार्यकारिणी की घोषणा के बाद इंटरनेट मीडिया पर जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर बहस छिड़ गई। रजक, माहौर, राठौर, धानुक, किरार-धाकड़, खटीक, बाथम और लोधी सहित कई समाजों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
- विरोध करने वालों का तर्क है कि सामाजिक समीकरण साधने का दावा करने वाले संगठन में पिछड़े और अनुसूचित वर्ग के विभिन्न समुदायों को पर्याप्त स्थान नहीं मिला है। ऐसे में कार्यकारिणी की सूची केवल पदों के बंटवारे तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि यह कांग्रेस के सामाजिक प्रतिनिधित्व के दावों की कसौटी भी बन गई है।
इस्तीफा देने वाले भी कार्यकारिणी में
- इस कार्यकारिणी का विवाद चार माह पहले शुरू हुआ था। शहर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने जब अपनी ओर से कार्यकारिणी घोषित की थी, तब पांच पदाधिकारियों ने सूची जारी होते ही अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकारिणी को होल्ड कर दिया।
- इस घटनाक्रम के बाद अनुशासन समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश नेतृत्व को भेजा था कि इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों को भविष्य में संगठन की कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाए। इसके बावजूद नई सूची में इन पांचों की उसी पद पर वापसी हो गई। इसे लेकर संगठन के भीतर यह सवाल उठ रहा है कि अनुशासन समिति के प्रस्ताव का फिर क्या औचित्य रह गया।
शहर अध्यक्ष हुए कमजोर
- राजनीतिक दबाव और स्थानीय नेताओं की सहमति के बीच प्रदेश नेतृत्व ने भले ही कार्यकारिणी घोषित कर दी हो, लेकिन इससे शहर अध्यक्ष की स्थिति मजबूत होने के बजाय कमजोर दिखाई दे रही है। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस हाईकमान जिला और शहर अध्यक्षों को अधिकार संपन्न बनाने की बात कर रहा है, वहीं ग्वालियर में कार्यकारिणी का भोपाल से जारी होना इन दावों के उलट तस्वीर पेश कर रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस कार्यकारिणी में अध्यक्ष की भूमिका निर्णायक नहीं रही, उसके साथ बेहतर समन्वय बनाना उनके लिए चुनौती होगा।
- इस सूची में शहर अध्यक्ष के नजदीकी माने जाने वाले अरुण कसाना को भी स्थान नहीं मिला है। इससे यह संदेश जा रहा है कि नई कार्यकारिणी में सुरेंद्र यादव की पसंद और उनके समर्थकों को अपेक्षित महत्व नहीं मिला। राजनीतिक दबाव के चलते अध्यक्ष ने सूची स्वीकार तो कर ली है, लेकिन संगठन के भीतर असहजता बनी रहने की आशंका है।तरुण यादव ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर कांग्रेस कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी।
यह भी पढ़ें- Gwalior में पेट्रोल डालकर पति व बुजुर्ग ससुर को जलाने के आरोपी ने खाया जहर, हालत गंभीर
शहर कांग्रेस कार्यालय की बजाये पूर्व विधायक के निवास पर हुआ जश्न-
कार्यकारिणी घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यालय में जश्न के बजाय पूर्व विधायक प्रवीण पाठक के निवास पर ढोल-ताशे बजना भी सियासी चर्चा का विषय बन गया। यह दृश्य संगठन के भीतर शक्ति संतुलन और अलग-अलग नेताओं के प्रभाव को लेकर कई संकेत दे रहा है। कुल मिलाकर नई कार्यकारिणी ने संगठन को एकजुट करने के बजाय पुराने मतभेदों को फिर सतह पर ला दिया है। अब सबसे बड़ी चुनौती शहर अध्यक्ष और नई टीम के बीच तालमेल कायम करने की होगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 200 रुपये खर्च करने पर पिता ने डांटा तो घर से भागी 10 साल की बच्ची, 7 दिन बाद आगरा में सुरक्षित मिली