त्विषा शर्मा मामले में CBI का खुलासा; क्राइम सीन मैनेज करने सास ने मौत के अगले दिन जुटाए थे CCTV
सीबीआई के मुताबिक, 13 मई 2026 को गिरिबाला सिंह ने CCTV तकनीशियन और ब्यूटी पार्लर संचालिका से संपर्क कर घटना से जुड़े फुटेज हासिल किए थे। एजेंसी ने इसे साक्ष्यों को प्रभावित करने की कोशिश से जोड़ा है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 09:05:21 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 09:05:21 AM (IST)
आरोपी सास गिरिबाला सिंह। फाइल फोटो।HighLights
- सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में किया खुलासा
- मौत के अगले दिन जुटाए CCTV फुटेज
- साक्ष्यों को प्रभावित करने की कोशिश से जोड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मॉडल-एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने काउंटर एफिडेविट में कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, घटना के अगले ही दिन मुख्य आरोपी सास गिरिबाला सिंह ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ और क्राइम सीन को मैनेज करने के लिए सीसीटीवी फुटेज हासिल करने की कोशिश की थी।
सीबीआई ने आशंका जताई है कि प्रभावशाली बैकग्राउंड के चलते गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह भोपाल में चल रहे ट्रायल को प्रभावित कर सकते हैं और गवाहों को डरा-धमका सकते हैं।
जुटाए गए थे CCTV फुटेज
सीबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 13 मई 2026 को आरोपी गिरिबाला सिंह (जो कि रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं) ने सीसीटीवी तकनीशियन को फोन करके घटना के समय के फुटेज की कॉपी निकलवाई थी।
इसी दिन उन्होंने एक ब्यूटी पार्लर की संचालिका से मृतका त्विषा के 12 मई को वहां आने-जाने की जानकारी मांगी और अपने आदमियों को भेजकर वहां के सीसीटीवी फुटेज भी हासिल कर लिए। जांच एजेंसी ने इसे केस से जुड़े सबूतों को प्रभावित करने की अहम कड़ी माना है।
दिल्ली ट्रांसफर की याचिका पर सीबीआई का जवाब
मृतका के पिता नवनीधि शर्मा ने भोपाल में चल रहे सेशन ट्रायल को दिल्ली स्थानांतरित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इसी याचिका पर जवाब देते हुए सीबीआई ने आरोपियों के रसूख और गवाहों पर प्रभाव डालने की आशंका जताई है।
गौरतलब है कि इस मामले में सीबीआई ने 17 अगस्त 2026 को गिरिबाला सिंह और उनके वकील बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत चार्जशीट पेश की थी, और वर्तमान में भोपाल की अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया चल रही है।
12 मई को हुई थी संदिग्ध मौत
बता दें कि 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में त्विषा शर्मा मृत पाई गई थीं। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या करार दिया था, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया था। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठने के बाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड से 24 मई को दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया था।
मामले में दहेज हत्या और अन्य पहलुओं की जांच अभी भी जारी है।