नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । बैरागढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की दरिंदगी के बाद हत्या कर दी गई। आरोपित उसे बाजार से अपने साथ ले गया और खंडहरनुमा इमारत में दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची के दांत तोड़ दिए और मुंह में रूमाल ठूंसकर गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने बच्ची के कपड़े उतारकर दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर फेंक दिए और शव को कंबल में लपेटकर तीसरी मंजिल पर टूटी हुई टेबलों के बीच छिपा दिया।
गुरुवार रात आठ बजे गायब हुई बच्ची को स्वजन रातभर तलाशते रहे। शुक्रवार सुबह उसी इमारत के पास आरोपित दोबारा पहुंचा तब घटनाक्रम का राज खुला। पुलिस ने 23 वर्षीय मुईन बेग को गिरफ्तार कर लिया है। उधर घटना को लेकर हिंदू संगठन ने शुक्रवार को बैरागढ़ थाने के सामने प्रदर्शन किया।
नशे के बाद वारदात
पुलिस के अनुसार बच्ची बैरागढ़ क्षेत्र में माता-पिता और दो भाई-बहनों के साथ रहती थी। उसका परिवार पन्नी बीनकर गुजर-बसर करता है। गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्ची बैरागढ़ बाजार में स्वजनों को आखिरी बार दिखाई दी थी। इसके बाद वह लापता हो गई। स्वजन ने बाजार और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रात करीब एक बजे वे बैरागढ़ थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित मुईन बेग बच्ची को बाजार के पास स्थित खंडहरनुमा इमारत में ले गया था। रात 9:05 बजे वह घटनास्थल कृष्णा काम्पलेक्स के सामने सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ दिखा था।
वहां उसने सिलोचन और व्हाइटनर का नशा करने के बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बेरहमी से उसके दांत तोड़कर, गला दबाकर और फिर मुंह में रूमाल ठूंस दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई।
शव तीसरी मंजिल पर छुपाया
वारदात के बाद आरोपित ने बच्ची के कपड़े उतारकर दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर फेंक दिए। फिर शव को कंबल में लपेटकर तीसरी मंजिल पर टूटी हुई चार टेबलों के बीच छिपा दिया, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े। इसके बाद वह बिल्डिंग से निकल गया। वह दोबारा रात करीब एक बजे दोबारा उसी बिल्डिंग में गया था और कुछ देर बाद बाहर निकला।
उधर बच्ची के स्वजन जब तलाश कर रहे थे तो वह उनके साथ रातभर बच्ची को ढूंढने का नाटक भी करता रहा। शुक्रवार सुबह आरोपित दोबारा उसी इमारत के पास पहुंचा। इसी दौरान वहां मौजूद एक बच्ची ने उसे देखा। स्वजन जब वहां पहुंचे तो दूसरी मंजिल की सीढ़ियों उसका लाकेट मिला। फिर वहीं छुपे उसके कपड़े पड़े थे। संदेह होने पर ऊपर तलाश की गई तो तीसरी मंजिल पर कंबल में लिपटा शव मिला।
सूचना पर पहुंची बैरागढ़ पुलिस ने शव बरामद किया। करीब आधे घंटे बाद में आरोपित मुईन बेग को बैरागढ़ मार्केट में एक नाश्ते की दुकान से गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार शाम को हमीदिया अस्पताल में तीन डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है।
थाने का घेराव, फांसी देने की मांग
बच्ची की हत्या से गुस्साए स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन के लोगों ने बैरागढ़ थाने का घेराव किया। उन्होंने आरोपित को फांसी देने और कड़ी कार्रवाई की मांग की। शाम करीब चार बजे से थाने के बाहर भीड़ जुटने के कारण जाम के हालात बने रहे। हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली की आरोपित वहीं एक मैकेनिक और वाशिंग सेंटर में काम करता है तो कार्यकर्ताओं ने वहां कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी कर दी।
12 घंटे तक थाने में गुमशुदगी नहीं
बैरागढ़ थाने में रात करीब एक बजे स्वजनों ने बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने करीब 12 घंटे बाद शुक्रवार सुबह तक गुमशुदगी का केस दर्ज नहीं किया। वहीं महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित खंडहरनुमा इमारत में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात हुई।
बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम शुक्रवार रात को गश्त पर थे। पुलिस की ओर से रातभर तलाश की बात कही गई है, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बैरागढ़ थाना क्षेत्र से लापता हुई 13 वर्षीय बच्ची का शव खंडहरनुमा इमारत में मिला था। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर और मुंह दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।- शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, भोपाल