
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एम्स भोपाल में मरीजों को घर बैठे ओपीडी अपाइंटमेंट और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई वाट्सएप स्वास्थ्य सेवा शुरुआती दौर में ही सवालों के घेरे में है। प्रबंधन ने एक वाट्सएप, सभी स्वास्थ्य सेवाएं के तहत ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, जांच रिपोर्ट और डिस्चार्ज समरी जैसी सुविधाएं शुरू की हैं, लेकिन मरीजों का कहना है कि ऑनलाइन अपाइंटमेंट लेने के बाद भी अस्पताल पहुंचने पर पर्चा बनवाने और सत्यापन के लिए काउंटर की कतार में लगना पड़ रहा है।
इससे डिजिटल सुविधा का उद्देश्य ही अधूरा नजर आ रहा है। वहीं कई विभागों में अपाइंटमेंट स्लॉट जल्दी फुल हो जाने से मरीजों को समय नहीं मिल पा रहा है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए परेशानी और बढ़ जाती है, क्योंकि समय नहीं मिलने पर उन्हें दोबारा अस्पताल आना पड़ता है।
रायसेन से इलाज कराने आए रमेश यादव ने बताया कि उन्होंने वॉट्सएप से अपाइंटमेंट बुक किया था। उन्हें उम्मीद थी कि अस्पताल पहुंचने के बाद सीधे डाक्टर को दिखा सकेंगे। उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर काउंटर से पर्चा और टोकन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया।
इसके बाद उन्हें कतार में लगना पड़ा। रमेश के मुताबिक वॉट्सएप पर स्लॉट बुक करने के बाद लगा था कि सीधे डॉक्टर को दिखा सकेंगे, लेकिन यहां आने के बाद पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगना पड़ा। अगर दो घंटे कतार में ही खड़ा होना है तो आनलाइन सुविधा का क्या फायदा।
मरीजों के अनुसार ईएनटी, आर्थोपेडिक्स और कार्डियोलाजी जैसे विभागों में अपॉइंटमेंट के लिए उपलब्ध स्लाट जल्दी भर जाते हैं। ऐसे में मरीजों को बार-बार वॉट्सएप पर प्रयास करना पड़ता है। गंभीर मरीजों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था परेशानी का कारण बन रही है।
बता दें कि एम्स भोपाल में एक दिन में छह हजार लोग आते हैं। इसमें चार से पांच हजार की ओपीडी रहती है। इस दौरान मरीजों को कतार में लगकर पर्चा बनवाना पड़ता है, इसलिए वॉट्सएप से बुकिंग की सेवा शुरू की गई है लेकिन अभी इसे और बेहतर करने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- भोपालवासियों को बड़ी राहत... अपॉइंटमेंट से लेकर लैब रिपोर्ट तक WhatsApp पर ही मिलेंगी AIIMS की 8 जरूरी सेवाएं
एम्स भोपाल के वाट्सएप सेवा के प्रभारी डा. बीएल सोनी ने बताया कि अभी यह वाट्सएप से बुकिंग की सुविधा पहली बार शुरू हुई है। इसको और अपडेट किया जाएगा। हमारी कोशिश है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद मरीजों को लाइन में नहीं लगना पड़ें। इसके लिए एम्स प्रबंधन तैयारी कर रहा है। जल्द ही इसमें और सुधार किए जाएंगे।