
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर जिले में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को बड़ी सौगात दी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के 35.56 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹213.41 करोड़ की राशि का सीधा अंतरण (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) किया। इस वित्तीय सहायता का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को समय पर सहायता पहुंचाना और उनके जीवनयापन को आसान बनाना है।
नरसिंहपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से बटन दबाकर एक साथ प्रदेशभर के लाखों वृद्धजनों, कल्याणी बहनों और दिव्यांगजनों के बैंक खातों में पेंशन राशि भेजी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के आर्थिक और सामाजिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 35.56 लाख से अधिक पात्र पेंशनभोगियों को ₹213.41 करोड़ की सहायता राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की गई।
यह भी पढ़ें- CM मोहन यादव कान्हा टाइगर रिजर्व में छोड़ेंगे 8 जंगली भैंसे, MP को ‘व्हाइट बफेलो स्टेट’ बनाने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के पात्र वृद्धजनों, कल्याणी (विधवा) महिलाओं तथा निःशक्तजनों को प्रतिमाह आर्थिक मदद दी जाती है। नरसिंहपुर के इस विशेष कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से हुए इस राशि अंतरण से लाखों परिवारों को सीधे तौर पर आर्थिक संबल मिला है।