
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आउटसोर्स कर्मचारियों के ऊपर लटक रही सेवा समाप्ति की तलवार मंगलवार को हटा दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आउटसोर्स कर्मी की सेवा समाप्त नहीं होगी। इन्हें कहां नियोजित किया जा सकता है, इस पर विचार किया जाएगा। कर्मचारी सरकार के अभिन्न अंग हैं और कर्मचारी हित में एक-एक करके निर्णय लिए जा रहे हैं।
डॉ. मोहन यादव ने यह घोषणा कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में की। बता दें, आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ा यह विषय 'नईदुनिया' ने मुद्दा के रूप में 23 नवंबर के अंक में प्रमुखता से उठाया था। प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की संख्या करीब पांच लाख है।
राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा के नेतृत्व में सरकारी सेवा में दो बच्चे संबंधी शर्त के प्रविधान को समाप्त करने के निर्णय के लिए आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री आवास पर जुटे। एक-एक करके सभी ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और अपनी मांगें भी सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग हैं और हर उपलब्धि में बराबर के भागीदार हैं।
पदोन्नति को लेकर कोई अधिकारी पहल नहीं करता था। सब पदोन्नति करना भूल ही गए थे। हमने निर्णय लिया और एक लाख से अधिक कर्मचारियों को उनकी पात्रता के अनुसार पदोन्नतियां मिलीं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को लेकर छूट दी गई। महंगाई भत्ता और राहत में वृद्धि करने के साथ अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का अभियान चलाकर निराकरण किया जा रहा है। नियमित पदों पर भर्तियां की जा रही हैं और ये जारी रहेंगी।
इस दौरान कर्मचारी मंच के अशोक पांडेय, संविदा कर्मचारी महासंघ के रमेश राठौर सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी सौंपे। इस पर उन्होंने कहा कि हमने कर्मचारी कल्याण समिति और आयोग भी गठित किए हैं, जो सभी पहलुओं पर विचार करेंगे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में नए घरेलू गैस कनेक्शन बंद, 20 हजार उपभोक्ता परेशान, 2500 रुपये तक बिक रहा सिलिंडर
योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने वित्त विभाग के निर्देश का हवाला देते हुए नियमित पद के विरुद्ध रखे गए आउटसोर्स कर्मियों की सेवाओं को 31 मार्च, 2027 तक समाप्त करने संबंधी निर्देश दिए थे। इसके बाद आउटसोर्स कर्मचारियों ने छह दिसंबर को बड़े आंदोलन की घोषणा की थी।
वहीं, वित्त विभाग ने स्पष्ट किया था कि निर्देश स्पष्ट थे कि नियमित पद के विरुद्ध यदि किसी विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी को रखा है तो वह यह निर्णय ले कि सेवा को निरंतर रखना है या नहीं। यदि सेवा निरंतर रखी जानी है तो फिर नियमित पद समाप्त कर दिया जाएगा। इससे ही यह संदेश गया कि सभी आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त हो जाएंगी।