
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। घर बन गया, परिवार अलग हो गया, नौकरी के लिए दूसरे शहर से भोपाल आ गए, लेकिन रसोई में खाना बनाने के लिए अपना गैस कनेक्शन नहीं! गैस कंपनियों ने नए घरेलू कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद कर रखी है और इसका खामियाजा आम उपभोक्ता भुगत रहे हैं। छह महीने से हजारों परिवार इंतजार कर रहे हैं।
दूसरी ओर जरूरतमंदों की इसी मजबूरी को कालाबाजारी करने वाले कमाई का जरिया बना रहे हैं। जो सिलिंडर निर्धारित व्यवस्था से मिलना चाहिए, वही 2000 से 2500 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायतें हैं। सवाल यह है कि नए कनेक्शन बंद करके आखिर उपभोक्ताओं को किसके भरोसे छोड़ दिया गया है?
जानकारी के अनुसार मार्च से नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद होने के कारण शहर की 46 गैस एजेंसियों पर हर महीने मिलने वाले करीब चार हजार नए कनेक्शन अटक गए हैं। भोपाल में 20 हजार से अधिक उपभोक्ता इंतजार कर रहे हैं। गैस कंपनियों के पोर्टल पर आवेदन का विकल्प ही उपलब्ध नहीं है। एजेंसियों पर रोजाना 10 से 12 लोग नए कनेक्शन की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें सिस्टम शुरू होने का इंतजार करने की सलाह देकर लौटा दिया जाता है।
इसका सबसे ज्यादा असर नए मकानों में शिफ्ट होने वाले परिवारों, किराएदारों, परिवार से अलग रहने लगे लोगों और दूसरे शहरों से भोपाल आने वाले कर्मचारियों पर पड़ रहा है। करोंद निवासी जतन लोधी ने अपना मकान बना लिया, लेकिन नया गैस कनेक्शन नहीं मिला। मजबूरी में उन्हें दूसरे इंतजाम करने पड़ रहे हैं। वहीं लांबाखेड़ा निवासी राम गौर कई बार एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार सिस्टम में सुविधा बंद होने की जानकारी मिलती है।
यह भी पढ़ें- साधु की वेशभूषा और कंधे पर काला थैला, तलाशी ली तो निकला एक किलो गांजा; 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
नए कनेक्शन की राह बंद होने के बीच घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने पिछले तीन महीने में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 1100 से ज्यादा सिलिंडर जब्त किए हैं। कुछ मामलों में घरेलू सिलिंडर 2000 से 2500 रुपये तक में बेचे जाने की बात सामने आई है। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलिंडरों के उपयोग की शिकायतें भी मिल रही हैं।
कालाबाजारी, निर्धारित व्यवस्था के विपरीत वितरण और उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। नए कनेक्शन कब शुरू होंगे, इसका निर्णय गैस कंपनियों को लेना है।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक