
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को टीटी नगर स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में साढ़े तीन बजे प्रदेश के विद्यार्थियों को गणवेश और स्वच्छता किट की राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 54 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में गणवेश के लिए करीब 322 करोड़ 89 लाख की राशि सिंगल क्लिक से भेजेंगे।
निःशुल्क गणवेश योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को दो जोड़ी गणवेश खरीदने के लिए प्रति विद्यार्थी 600 रुपये दिए जाते हैं। इस राशि का भुगतान सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में किया जाएगा।
इसके अलावा कक्षा सातवीं से 12वीं तक की करीब 19 लाख छात्राओं के खातों में स्वच्छता किट के लिए करीब 58 करोड़ 20 लाख रुपये अंतरित किए जाएंगे। इसमें छात्राओं को स्वच्छता किट के लिए प्रति छात्रा 300 रुपये दिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी के 428 करोड़ के पोषण आहार घोटाले की जांच अटकी, लोकायुक्त ने विभागों को भेजे 24 पत्र, दस्तावेज अधूरे
इसी दौरान मुख्यमंत्री भोपाल के मुगालिया छाप क्षेत्र में 10.40 एकड़ भूमि पर बनने वाले समेकित शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान भवन का वर्चुअल भूमि-पूजन भी करेंगे। इस भवन के निर्माण पर 98 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च होंगे।
निर्माण पूरा होने के बाद यहां स्कूल शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के कार्यालय संचालित होंगे। इनमें राज्य स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान और राज्य मूल्यांकन केंद्र शामिल हैं।