
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के बहुचर्चित 428 करोड़ रुपये के पोषण आहार घोटाले की जांच संबंधित विभागों से दस्तावेज नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है। लोकायुक्त संगठन वर्ष 2023 से अभी तक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 14 और महिला एवं बाल विकास विभाग को 10 बार पत्र भेज चुका है। इसके बाद भी विभागों से पूरी जानकारी नहीं मिली है।
संगठन के पत्र के जवाब में इसी वर्ष जून में महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक स्वर्णिमा शुक्ला ने खुद उपस्थित होकर जो जानकारी प्रस्तुत की, उसमें सीएजी (नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक) की ऑडिट आपत्ति और विभाग द्वारा दी गई जानकारी में विरोधाभास मिला है। इसका उल्लेख संगठन के विधि सलाहकार जसवंत सिंह यादव ने विभाग के प्रमुख सचिव को भेजे पत्र में किया है।
मामले में शिकायतकर्ता रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा द्वारा आरटीआई से प्राप्त जानकारी में यह तथ्य सामने आया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में आई सीएजी की 2018-21 की ऑडिट रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आई थी। हालांकि, सकलेचा ने इन्हीं बिंदुओं पर वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्कालीन सीईओ ललित मोहन बेलवाल व अन्य के विरुद्ध संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव जीवी रश्मि ने बताया कि संगठन ने जो भी जानकारी समय-समय पर मांगी, वह दी गई है। अतिरिक्त जानकारी मांगी जाती है, वह भी उपलब्ध कराते हैं। वहीं, मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ विनय निगम का कहना है कि उनके यहां से भी जानकारी भेजी जा चुकी है।
कैग की रिपोर्ट के अनुसार छह संयंत्रों से 5.46 करोड़ रुपये के पोषण आहार का परिवहन ऐसे वाहनों से दिखाया गया, जिनके नंबर मोटरसाइकिल, कार, ऑटो और टैंकर के निकले या जिनका वाहन रिकॉर्ड ही नहीं मिला। ऑडिट में शामिल आठ जिलों में 62.53 करोड़ रुपये का पोषण आहार आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने का प्रमाण नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- करोड़ों का बजट फिर भी नहीं बने एमपी में 6,700 आंगनबाड़ी भवन और 10,479 शौचालय, अन्य योजनाओं का भी यही हाल
वहीं, 237 करोड़ रुपये मूल्य के पोषण आहार के नमूने पोषण संबंधी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। स्कूल नहीं जाने वाली किशोरियों की संख्या 43 हजार के आसपास होने के बावजूद विभाग ने 5.51 लाख का आंकड़ा स्वीकार किया। इससे 110.78 करोड़ रुपये के संभावित अतिरिक्त व्यय की आशंका जताई गई।
शिकायतकर्ता पारस सकलेचा का सवाल है कि जब कैग की रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं दर्ज हैं और लोकायुक्त के विधि सलाहकार भी अपनी टीप में इनका उल्लेख कर चुके हैं, तो अब तक आपराधिक प्रकरण क्यों दर्ज नहीं किया गया? जिन विभागों के अधिकारियों और तत्कालीन जिम्मेदारों की भूमिका की जांच होनी है, उन्हीं से बार-बार जवाब मांगकर जांच को लंबित रखना कहां तक उचित है?