
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस 7500 आरक्षकों की भर्ती कर रही है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के आठवीं पास युवा भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। अब जबकि आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद परीक्षा कराने की तैयारी है, कुछ रोचक तथ्य सामने आए हैं। पता चला है कि सिपाही भर्ती की इस दौड़ में डाक्टरेट और इंजीनियरिंग की डिग्री वाले युवा भी शामिल हैं।
मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की ओर से आयोजित पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए करीब साढ़े सात लाख आवेदन मिले हैं। यानी एक पद के लिए औसतन 100 से ज्यादा अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होना है। आवेदकों में 10 हजार से अधिक आवेदकों के पास बीई व बीटेक की इंजीनियरिंग वाली डिग्री है। वहीं 28 के पास पीएचडी यानी डाक्टरेट की उपाधि है।
वहीं दो हजार इंजीनियरिंग डिप्लोमाधारक भी हैं। छह हजार लोग आइटीआइ वाले हैं। वहीं 41 हजार स्नातकोत्तर, दो लाख 77 हजार स्नातक, तीन लाख 41 हजार 12वीं पास और केवल 753 अभ्यर्थी आठवीं पास हैं।
इस परीक्षा के लिए 1.10 लाख उम्मीदवार बाहरी राज्यों के शामिल हैं। जबकि गत वर्ष ईएसबी को साढे आठ लाख कुल आवेदन मिले थे, जिसमें बाहरी राज्यों के 95 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किए थे। वर्तमान में इसमें उत्तर-प्रदेश, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान आदि के शामिल हैं।
इस परीक्षा के लिए मध्यप्रदेश से करीब 6.50 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसमें सबसे अधिक संख्या मुरैना, ग्वालियर और सागर 40-40 हजार के करीब है। वहीं आगर-मालवा के अभ्यर्थियों की संख्या करीब पांच हजार है।
पूर्व की तीन परीक्षाओं में उम्मीदवारों की संख्या लगातार गिर रही है। गत वर्ष साढ़े आठ लाख और 2021 में आयोजित आरक्षक भर्ती परीक्षा में करीब 12 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किए थे।
यह भी पढ़ें- एमपी विधानसभा शीतकालीन सत्र में हंगामे के आसार, अवैध शराब और OBC आरक्षण पर स्थगन प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
इसकी परीक्षा 19 नवंबर से दो पाली में प्रारंभ होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी।
युवाओं का सरकारी नौकरी की ओर रुझान बढ़ रहा है। प्राइवेट सेक्टर की चुनौतियां अधिक हैं, सेवा सुरक्षा नहीं है। इस कारण युवा कम शैक्षणिक योग्यता वाली आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर रहे हैं।- शबनम खान, वरिष्ठ करियर काउंसलर