
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन ने गाड़ी संख्या 09093/09094 उधना-अयोध्या कैंट-उधना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू करने की घोषणा की है। इस नई सेवा से भोपाल और सागर संभाग के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
रेलवे के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन मध्य प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। भोपाल के यात्री संत हिरदाराम नगर स्टेशन से इस ट्रेन की सेवा ले सकेंगे, वहीं सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए बीना स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
शेड्यूल के मुताबिक, उधना से चलने वाली ट्रेन शाम को 6:45 बजे संत हिरदाराम नगर और रात 10:00 बजे बीना स्टेशन पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 10:30 बजे यह ट्रेन यात्रियों को अयोध्या कैंट पहुंचा देगी।
यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सेवा 13 फरवरी से 27 मार्च 2026 तक संचालित की जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09094 अयोध्या कैंट–उधना स्पेशल प्रत्येक शनिवार को अयोध्या कैंट से दोपहर 14:45 बजे रवाना होगी। वापसी यात्रा के दौरान यह अगले दिन तड़के 03:20 बजे बीना और सुबह 05:55 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी, जबकि शाम 5:15 बजे वापस उधना पहुंचेगी। वापसी की यह सेवा 14 फरवरी से 28 मार्च 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- MP पुलिस को अप्रैल तक मिल जाएंगे 7500 नए आरक्षक, पहली बार 6 महीने में ही भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान भरूच, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी और सीहोर जैसे कई महत्वपूर्ण व्यापारिक और धार्मिक केंद्रों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में एसी-3 टियर, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधानुसार सफर कर सकेंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के समय, स्टॉपेज और कोच संरचना की अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे पोर्टल या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) का उपयोग करें।